मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में नवाब मलिक से ED ने की पूछताछ, भड़के शरद पवार

मुंबई(लाइवभारत24)। मुंबई अंडरवर्ल्ड (Mumbai Underworld) की गतिविधियों से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (Money laundering) के एक मामले में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) से पूछताछ की है. ईडी अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता मलिक यहां ईडी कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने ‘धन शोधन निवारण अधिनियम’ (PMLA) के तहत अपना बयान दर्ज कराया.
अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों, संपत्ति की अवैध रूप से कथित खरीद-फरोख्त और हवाला लेनदेन के संबंध में ईडी ने 15 फरवरी को मुंबई में छापेमारी की थी और एक नया मामला दर्ज किया था जिसके बाद मलिक से पूछताछ की जा रही है.

एजेंसी ने 10 स्थानों पर छापेमारी की थी जिसमें 1993 के बम धमाके के मुख्य साजिशकर्ता दाऊद इब्राहिम की दिवंगत बहन हसीना पार्कर, भाई इकबाल कासकर और छोटा शकील के रिश्तेदार सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट के परिसर शमिल हैं. कासकर पहले से जेल में है जिसे एजेंसी ने पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था. ईडी ने पार्कर के बेटे से भी पूछताछ की थी.

इस बीच नवाब मलिक ने ट्वीट करके कहा है कि वो इन सब चीजों से न डरेंगे न झुकेंगे! यहां उन्होंने 2024 में देख लेने की बात भी लिखी.
एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) ने नवाब मलिक (Nawab Malik) को ईडी आफिस ले जाए जाने पर कहा कि उनके ऊपर भी आरोप लगाए गए लेकिन कोई सबूत नहीं दिखाया गया था. नवाब मलिक बीजेपी (BJP) के खिलाफ बोल रहे थे इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. हम सबको ये मालूम था कि ऐसा कुछ होगा. क्योंकि नवाब खुलकर बोल रहे थे. इनके खिलाफ कोई मामला निकालकर उन्हें परेशान किया जा रहा है. इस बारे में बोलने की जरूरत नहीं है.

वहीं एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने नवाब मलिक को सुबह ईडी आफिस ले जाने को महाराष्ट्र का अपमान बताया है. सुप्रिया सुले का कहना है कि पिछले काफी दिनों से निशाने पर थे. उनके खिलाफ लगातार प्रेस काफ्रेंस हो रही थी. एक षड़यंत्र किया जा रहा था. ये सबकुछ महाराष्ट्र देख रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!