भारत में अब तक 44.03 लाख कोरोना के केस

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 44 लाख के पार हो गया है। अब तक संख्या 44 लाख 3 हजार 574 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अच्छी खबर ये है कि भारत अब दुनिया का दूसरा देश हो गया है जहां सबसे ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां रिकवर हुए मरीजों का आंकड़ा 34 लाख के पार हो चुका है। अब तक 34 लाख 22 हजार 441 लोग ठीक हो चुके हैं। ब्राजील अब तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। यहां अब तक 33 लाख 97 हजार लोग ठीक हुए हैं। इस बीच, देश में एक्टिव केस की संख्या भी 9 लाख के पार हो गई। मतलब देश में अभी 9 लाख 6 हजार 361 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। 74 हजार 170 मरीजों की संक्रमण के चलते अब तक मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
171 दिन बाद दिल्ली और नोएडा (ब्लू लाइन) के बीच बुधवार सुबह मेट्रो टेन शुरू हो गई। इसके अलावा, पिंक लाइन पर भी मेट्रो दौड़ने लगी है। इससे पहले 7 सितंबर को यलो लाइन पर यह सर्विस शुरू की गई थी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि इन लाइन पर सुबह 7 से 11 बजे और शाम 4 से 8 बजे के बीच मेट्रो चलाई जा रही है। डीएमआरसी ने बताया कि बुधवार को इन तीनों लाइन पर 33 हजार 300 यात्रियों ने मेट्रो का सफर किया। दिल्ली में विधानसभा सत्र 14 सितंबर को आयोजित होगा। विधानसभा के सचिव ने बताया कि इस बार का सत्र केवल एक दिन का होगा। इसमें कोरोना की गाइडलाइन को फॉलो किया जाएगा। सभी सदस्यों के लिए फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेखा चोपड़ा ने जिले में संक्रमण के कम्युनिटी ट्रांसमिशन की बात मानी है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से मालूम चलता है कि शिमला में कम्युनिटी प्रसार हुआ है। अब ये पता लगाना मुश्किल हो गया है कि मरीज किसके संपर्क में आने से संक्रमित हुआ है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार से शुरू होने वाली सभी बैठकों को एक महीने के लिए टाल दिया है। मुख्यमंत्री आवास और कार्यालय में लगभग 40 कर्मचारी संक्रमित पाए गए। इनमें मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे कर्मचारी भी शामिल हैं। गहलोत ने कहा, “डॉक्टरों की सलाह पर मैंने अगले एक महीने तक किसी से नहीं मिलने का फैसला किया है। हालांकि, मैं सुशासन पर चर्चा करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भाग लूंगा।”

One thought on “भारत में अब तक 44.03 लाख कोरोना के केस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!