अब चीन में हवा और जानवरों से फैलने वाली ब्रूसीलोसिस का फैला कहर

बीजिंग (लाइवभारत24)। चीन में गांसु प्रांत की राजधानी लान्चो में इन दिनों एक और बीमारी ब्रूसीलोसिस से 3 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। लान्चो के स्वास्थ्य आयोग के मुताबिक, यह बीमारी संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने से होती है। इसे माल्टा फीवर के नाम से भी जाना जाता है। चीन की सरकारी वेबसाइट ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, बैक्टीरिया जुलाई-अगस्त 2019 के बीच लेंझॉउ शहर की उस फार्मा फैक्ट्री से फैला, जहां ब्रूसीलोसिस की वैक्सीन तैयार की जा रही थी। चीन में अलर्ट जारी कर दिया गया है और चुनिंदा 11 अस्पतालों को मरीजों का मुफ्त इलाज करने का आदेश दिया गया है। 1980 के दशक में चीन में ब्रूसीलोसिस एक सामान्य बीमारी थी, हालांकि बाद में स्थिति गंभीर हो गई। अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) के मुताबिक, यह बीमारी एक से दूसरे इंसान में नहीं फैलती, लेकिन संक्रमित भोजन से ब्रूसीलोसिस फैल सकता है।
क्या है ब्रूसीलोसिस?
यह बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है। ये बैक्टीरिया पशुओं, सुअर, बकरी और कुत्तों को संक्रमित करता है। इन संक्रमित पशुओं के संपर्क में आने पर इंसान भी बीमार हो जाते हैं। इनका मांस खाने या इनका प्रदूषित किया पानी पीने पर इंसान में संक्रमण फैलता है। बैक्टीरिया संक्रमित क्षेत्र की हवा में एयरोसॉल के रूप में भी मौजूद होता है, इस दौरान सांस लेने पर भी इंसान संक्रमित हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन कहता है, इस बीमारी का सबसे ज्यादा खतरा तब रहता है, जब इंसान जानवर का कच्चा दूध इस्तेमाल करता है या दूध की बनी चीज खाता है। बुखार, पसीना आना, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, बेचैनी और भूख न लगना जैसे लक्षण दिखने पर अलर्ट हो जाएं। कुछ लक्षण लंबे समय तक दिख सकते हैं। इसके अलावा बार-बार बुखार, आर्थराइटिस जैसे लक्षण, अंडाणुओं और लिवर में सूजन भी दिख सकती है। मरीजों में अधिक थकान बनी रहती है। लेंझॉउ शहर के स्वास्थ्य आयोग की वेबसाइट की मुताबिक, यहां के वेटरनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट के पास मौजूद लेंझॉउ फार्मास्युटिकल फैक्ट्री में एक घटना के बाद यह बैक्टीरिया फैला। यहां ब्रूसीलोसिस की वैक्सीन तैयार की जा रही थी। 24 जुलाई से 20 अगस्त 2019 तक सफाई का काम चला। इस दौरान इंस्टीट्यूट में एक्सपायरी डेट के डिसइंफेक्टेंट इस्तेमाल हुआ, जिससे बैक्टीरिया पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। यहां से निकली वेस्ट गैस में एयरोसोल के रूप में बैक्टीरिया फैला और लोग संक्रमित हुए। मामला सामने आने पर 7 दिसम्बर 2019 को फैक्ट्री में वैक्सीन उत्पादन का काम पूरी तरह से बंद कर दिया गया। 8 लोगों को सजा भी हुई। 13 जनवरी 2020 को लेंझॉउ फार्मास्युटिकल फैक्ट्री का वैक्सीन लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। मामला अगर देश में आता है तो पशुओं से दूरी बनाएं। जरूरी सावधानी के साथ ही उनके पास जाएं। मांस खाने से बचें। बाहर का खाना न ही खाएं तो बेहतर है। आसपास पशुओं का तबेला है तो घर को सैनिटाइज करना बेहतर विकल्प है। दूध और पानी उबालकर ही इस्तेमाल करें।

One thought on “अब चीन में हवा और जानवरों से फैलने वाली ब्रूसीलोसिस का फैला कहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!