सुशांत के कुक नीरज का नया खुलासा

मुंबई (लाइवभारत24)। दिवंगत बालीवुड अभिनेता सुशांत के कुक रहे नीरज ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि सुशांत के घर पर 13 जून की शाम को न कोई पार्टी हुई, न कोई आया और न ही वे घर से बाहर गए थे। रिया चक्रवर्ती भी 8 जून के बाद उनके घर पर कभी नहीं आईं। सीबीआई द्वारा उन्हें सरकारी गवाह बनाने के दावे को भी नीरज ने गलत करार दिया है। नीरज के कई दिनों से गायब होने की खबरें मीडिया के एक वर्ग में चल रही थीं, आज सामने आकर उन्होंने कहा कि वे अपने दिल्ली स्थित घर पर हैं और सभी जांच एजेंसीज को पूरी तरह से सहयोग दे रहे हैं। नीरज ने कहा कि वह जल्द ही मुंबई लौटकर आएंगे और अगर जांच एजेंसीज उन्हें बुलाती हैं तो वे उनका पूरा सहयोग करेंगे। नीरज ने 14 जून के घटनाक्रम को याद करते हुए कहा, ‘सुशांत को सुबह पानी मैंने दिया था जबकि जूस केशव ने दिया था। सुबह 8 बजे के आसपास मैं सुशांत सर से आखिरी बार मिला था। सर उसके बाद कमरे में चले गए और बाहर नहीं आए।’
नीरज ने बताया कि सुशांत अपनी पर्सनल बातें कभी घर के स्टाफ से शेयर नहीं करते थे। वे दिशा सालियान की मौत की खबर से वे टेंशन में ज़रुर थे। 8-9 जून की रात में ही दिशा सालियान ने आत्महत्या कर ली थी। नीरज ने यह भी बताया कि सुशांत पिछले कुछ दिनों से थोड़े बीमार चल रहे थे।
वीडियो कॉल के जरिए दिए इंटरव्यू में नीरज ने साफ तौर पर कहा है कि उन्हें किसी खास ड्रग्स के बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन इतना जरूर कहा है कि सुशांत गांजा पिया करते थे। नीरज ने आगे बताया कि सुशांत के लिए गांजा सैमुअल मिरांडा और शौविक चक्रवर्ती लेकर आते थे। ये सभी एनसीबी द्वारा गिरफ्तार हैं और 6 अक्टूबर तक सलाखों के पीछे हैं।
नीरज ने उस दावे को पूरी तरह से खारिज किया कि सुशांत के घर 13 तारीख को कोई पार्टी हुई थी। उसने कहा कि उस दिन पूरे समय सुशांत घर पर ही थी और ज्यादातर समय अपने कमरे में रहे थे। इस दिन न रिया उनके घर आई और न ही उनके घर पर कोई पार्टी हुई। 13 जून को उनके घर पर कोई बाहरी व्यक्ति भी नहीं आया था।नीरज सिंह सुशांत के घर में पिछले 8 महीने से काम कर रहे थे। नीरज को रिया चक्रवर्ती ने ही नौकरी पर रखा था।

One thought on “सुशांत के कुक नीरज का नया खुलासा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!