कोरोना के बढ़ते मामलों को कम करने के लिए दिल्ली में हर रोज 1 लाख से ज्यादा होंगे टेस्ट

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को कम करने के लिए रविवार को केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब हर रोज दिल्ली में 1 लाख से ज्यादा टेस्ट होंगे। अभी 40-50 हजार टेस्ट हो रहे हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार की तरफ से DRDO सेंटर में 750 ICU बेड्स भी तैयार करवाया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को इसके लिए बैठक की। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े अफसर मौजूद रहे।मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। केंद्र की तरफ से दिल्ली सरकार को BiPAP मशीन भी दी जाएगी। इससे अस्पतालों में ICU बेड की संख्या बढ़ाई जा सकेगी।
देश में कोरोना से ठीक होने वालों का आंकड़ा रविवार को 82 लाख के पार हो गया। अब तक 82 लाख 13 हजार 146 लोग ठीक हो चुके हैं। ओवरऑल संक्रमितों की संख्या 88 लाख 19 हजार 636 हो गई है। इनमें 4 लाख 74 हजार 741 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 29 हजार 791 हो गई है। मध्यप्रदेश के इकलौते कांग्रेस सांसद और पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने रविवार को ट्वीट किया कि मुझे 2 दिन से Covid-19 के हल्के लक्षण महसूस हो रहे थे। मैंने टेस्ट करवाया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं आइसोलेशन में रहकर घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहा हूं। नकुल नाथ छिंदवाड़ा से सांसद हैं। उधर, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने रविवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। कहा कि मेरे संपर्क में आए लोग खुद को आइसोलेट कर लें और टेस्ट करा लें।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद अहमद पटेल को मेदांता अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती किया गया है। कुछ हफ्ते पहले ही वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तब से उनके हालात में सुधार नहीं हुआ। उनके बेटे फैजल पटेल ने इसकी जानकारी ट्वीट करके दी।
अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी को ‘कोवैक्सिन’ के ट्रायल में शामिल होने की इच्छा रखने वालों की करीब 250 एप्लीकेशन मिली हैं। यूनिवर्सिटी के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर मोहम्मद शमीन ने बताया कि सभी को इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के प्रोटोकाल के हिसाब से परखा जा रहा है। रूस के रिसर्च सेंटर की बनाई स्पुतनिक वी वैक्सीन का पहला बैच अगले सप्ताह कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में आने की उम्मीद है। यहां वैक्सीन के दूसरे और तीसरे फेज का ह्यूमन ट्रायल होना है। कॉलेज के प्रिंसिपल आर.बी. कमल ने यह जानकारी दी है। देश में शनिवार तक 12 करोड़ 48 लाख 36 हजार 819 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। शनिवार को 8 लाख 5 हजार 589 जांच की गईं। यह जानकारी इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने दी है।
दिग्गज बंगाली फिल्म अभिनेता सौमित्र चटर्जी का कोलकाता के एक अस्पताल में निधन हो गया है। 85 साल के सौमित्र को करीब एक महीने पहले कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से उनकी हालत में लगातार उतार-चढ़ाव आ रहा था।
महाराष्ट्र सरकार का अनुमान है कि राज्य में जनवरी से फरवरी के बीच कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। इसे लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यहां संकट इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर जहां कोविड-19 की मृत्यु दर 1.48% है, वहीं महाराष्ट्र में यह 2.63% है।
उत्तरप्रदेश में शुक्रवार को 2178 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। 2005 लोग रिकवर हुए और 25 संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक 5 लाख 7 हजार 602 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 23 हजार 95 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 77 हजार 180 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 7327 हो गई है।राज्य सरकार ने लोगों को सावधानी वरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!