अमेरिका में कोरोना के मामले 1.1 करोड़ के पार,कई राज्यों ने लागू की नई पाबंदियां

लांसिंग(लाइवभारत24)। कोविड-19 के मामले 1.1 करोड़ के भी पार पहुंच जाने के बाद अमेरिका में अब कई राज्यों ने संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए नए सिरे से प्रयास शुरू कर दिए हैं। दरअसल अमेरिका में कोरोना वायरस के करीब 10 लाख मामले एक हफ्ते से भी कम समय के अंदर सामने आए हैं। आपको बता दें कि अमेरिका (USA) में वाशिंगटन और कई अन्य राज्यों की राह पर चलते हुए मिशिगन ने भी कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। मिशिगन के गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर प्रशासन ने रविवार को हाई स्कूल और कॉलेज में व्यक्तिगत उपस्थिति कक्षाएं बंद करने, रेस्टोरेंट में बैठकर भोजन करने की व्यवस्था बंद करने और खेलकूद गतिविधियों को भी बंद करने का आदेश दिया। इस आदेश के तहत मनोरंजन की कई गतिविधियां बंद की जाएंगी और जिम में सामूहिक व्यायाम कक्षाएं नहीं होंगी. ये नए नियम अगले तीन हफ्ते तक प्रभावी रहेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले वाशिंगटन के गर्वनर जे. इन्स्ली ने व्यवसायों और सामाजिक मेलजोल पर नई पाबंदियों की घोषणा की थी। ‘जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी’ के कोरोना वायरस संबंधी आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में रविवार तक कोविड-19 के मामले 1.1 करोड़ पर पहुंच गए। 9 नवंबर को यहां संक्रमण के मामले 1 करोड़ तक पहुंच गए थे, जिसका मतलब है कि करीब 10 लाख मामले महज 6 दिन के अंदर सामने आए हैं।
जान लें कि अमेरिका में कोरोना वायरस का पहला मामला 20 जनवरी को वाशिंगटन में सामने आया था और फिर 300 दिन के अंदर कुल मामले 1.1 करोड़ पर पहुंच गए।

One thought on “अमेरिका में कोरोना के मामले 1.1 करोड़ के पार,कई राज्यों ने लागू की नई पाबंदियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!