जेल में ट्रेनिंग करना चाहते हैं पहलवान सुशील, दिल्ली कोर्ट में याचिका दायर की

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। पहलवान सुशील कुमार जोकि सागर मर्डर केस में आरोपी अब जेल में ट्रेनिंग करना चाहते हैं। इसको लेकर वे दिल्ली कोर्ट पहुंच गए हैं। उन्होंने कोर्ट में दायर की गई याचिका में प्रोटीन शेक और एक्सरसाइज बैंड की मांग की है। ऐसा लग रहा हो मानो वे टोक्यो ओलिंपिक की तैयारी कर रहे हैं। सुशील 2 बार के ओलिंपिक मेडलिस्ट रह चुके हैं। 2012 लंदन ओलिंपिक में उन्होंने सिल्वर और 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस मामले पर बुधवार को कोर्ट में सुनवाई हो सकती है।
सुशील फिलहाल जुडिशियल कस्टडी में हैं और दिल्ली के मंडोली जेल में बंद हैं। सिक्योरिटी कारणों से उन्हें किसी से मिलने की इजाजत नहीं दी गई है। सुशील की पुलिस कस्टडी 2 मई को समाप्त हो गई थी। सागर मर्डर केस में उन्हें 23 मई को दिल्ली के मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उन पर 4 मई की रात पहलवान सागर और उसके दोस्तों को छत्रसाल स्टेडियम में हॉकी स्टिक से मारने का आरोप था।
पहलवान सागर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद 18 दिन तक सुशील फरार रहे थे। सुशील के साथ 8 और आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में सुशील का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडियो में वे हॉकी स्टिक से सागर और उसके दोस्तों को मारते हुए दिख रहे थे। खून से लथपथ सागर बगल में पड़ा था। सुशील के साथ उसके कुछ दोस्त भी नजर आए थे। प्रिंस नाम के शख्स ने ये वीडियो बनाया था। उसे भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
जेल में सुशील को 2 बार नॉर्मल डाइट दी जा रही है। इसमें 5 रोटी, 2 सब्जी, दाल और चावल शामिल है। इसके साथ ही महीने में वे जेल की कैंटीन से 6 हजार की शॉपिंग भी कर सकते हैं। हालांकि,सुशील के डिमांड से तो साफ लग रहा है कि जेल की डाइट उनके लिए काफी नजर नहीं आ रही है। स्पेशल डाइट के तहत उन्हें ओमेगा-3 कैप्सूल, प्री-वर्क आउट सप्लिमेंट और मल्टी विटामिन पिल्स भी दिए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!