इंग्लैंड जाएंगे सूर्यकुमार और पृथ्वी शॉ

मुंबई (लाइवभारत24)। BCCI ने सूर्यकुमार यादव और पृथ्वी शॉ को वन-डे और टी-20 में शानदार प्रदर्शन करने का इनाम दिया है। ये दोनों अब श्रीलंका दौरे से सीधे इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे। BCCI ने इन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चोटिल शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर और आवेश खान के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है। भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 4 अगस्त से हो रही है।
बोर्ड ने अपने नोट में लिखा- सुंदर के दाएं हाथ जो कि उनका बॉलिंग आर्म भी है, उसमें इंजेक्शन लगा है। उनको रिकवर होने में काफी वक्त लगेगा। वे बॉलिंग के लिए फिलहाल फिट नहीं हैं। वहीं, तेज गेंदबाज आवेश खान को प्रैक्टिस मैच के दौरान अंगूठे में चोट लगी। एक्स-रे में पता चला कि उनका अंगूठा फ्रैक्चर है। शुभमन के बाएं पैर (शिन) में कुछ तकलीफ है। इस वजह से यह तीनों इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। शुभमन भारत लौट चुके हैं। जबकि आवेश और सुंदर भी जल्द लौटेंगे।
बोर्ड ने लिखा- ऋषभ पंत कोरोना से ठीक होने के बाद टीम को जॉइन कर चुके हैं। वहीं, ऋद्धिमान साहा, अभिमन्यु ईश्वरन और बॉलिंग कोच भरत अरुण भी टीम से जुड़ गए हैं। इससे पहले बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया था कि ऑलराउंडर जयंत यादव को भी इंग्लैंड भेजा जाना था। पर क्वारैंटाइन जरूरतों के कारण योजना में कुछ बदलाव किया गया। इस वजह से जयंत अब नहीं जाएंगे।
भारत और इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की शुरुआत 4 अगस्त से होगी। पहला टेस्ट नॉटिंघम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 12 अगस्त से लंदन (लॉर्ड्स) में खेला जाएगा। इसके बाद तीसरा टेस्ट 25 अगस्त से लीड्स, चौथा टेस्ट 2 सितंबर से लंदन (केनिंग्टन ओवल) और पांचवां टेस्ट 10 सितंबर से मैन्चेस्टर में खेला जाएगा।

इंग्लैंड सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड कुछ इस प्रकार है-
विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, ऋद्धिमान साहा, अभिमन्यु ईश्वरन, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दूल ठाकुर, उमेश यादव, लोकेश राहुल, सूर्यकुमार यादव और पृथ्वी शॉ।

रिजर्व : प्रसिद्ध कृष्णा, अर्जन नागवासवाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!