नवरात्र के पहले दिन सीएम योगी ने ‘मिशन शक्ति’ का किया शुभारंभ

महिलाओं की सुनवाई के लिए यूपी के थानों में होगा अलग इंतजाम

गोरखपुर(लाइवभारत24)। नवरात्र के पहले दिन शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘मिशन शक्ति’ का शुभारंभ बलरामपुर में किया। लखनऊ में राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल ने इस अभियान का शुभारंभ किया। प्रदेश के अन्‍य जिलों में प्रभारी मंत्री इसका शुभारंभ कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत खासकर शोहदों को सूचीबद्ध कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।  इसी के साथ सीएम योगी ने एलान किया है कि अब यूपी के थानों में महिलाओं की सुनवाई के लिए अलग से इंतजाम किया जाएगा। प्रदेश के 1535 थानों में महिलाओं की शिकायतें सुनने के लिए अलग कमरे बनेंगे। साथ ही वहां एक महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की जाएगी जो खासतौर पर थाने पर आने वाली महिलाओं की सुनवाई करेंगी। महिलाओं से जुड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं के खिलाफ अपराध में लिप्‍त लोगों को कड़ा दण्‍ड भोगना होगा। 180 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का प्रथम चरण नवरात्र के प्रथम दिन से शुरू होकर विजयादशमी 25 अक्टूबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर की पुलिस लाइन में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिशन का शुभारंभ किया। इसके पहले उन्होंने जिले के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन किया। सीएम के निर्देश पर अभियान की सफलता सुनिश्चित करने एवं निगरानी के लिए आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद मनीषा त्रिधारिया को जिले का महिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!