नीतीश-सुशील कुमार मोदी की टूटी जोड़ी

सुशील मोदी का उपमुख्यमंत्री बनना तय नहीं, भाजपा राज्यसभा भेजकर केंद्र में मंत्री बना सकती है

पटना (लाइवभारत24)। बिहार में जेपी आंदोलन के साथी नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी का सरकारी साथ’ करीब 15 साल तक रहा। 2015-17 के बीच करीब डेढ़ साल से भी कम समय सुमो नीतीश कुमार पर हमलावर रहे, बाकी समय दोनों के स्वर-भाव को एक ही देखा गया। इस चुनाव में भी मोदी इस बात पर कायम रहे कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। नीतीश भी उन्हें डिप्टी बनाए रखने पर अड़े थे, लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें केंद्र लाने का ऐसा मन बनाया कि इस बार किसी की नहीं चली। सुशील मोदी ने खुद भी ट्वीट कर दिया है। उन्होंने लिखा, “भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो जिम्मेवारी मिलेगी, उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।”प्रदेश भाजपा में सुशील कुमार मोदी को लेकर अरसे से गतिरोध रहा है। 2005 में पहली बार सरकार बनी थी तो अश्विनी कुमार चौबे और सुशील कुमार मोदी के बीच डिप्टी सीएम को लेकर ठन गई थी। उस समय दोनों को लेकर रायशुमारी हुई और चौबे इस फ्लोर टेस्ट में हार गए। इसके बाद किसी ने मुखर होकर सुमो का विरोध नहीं किया, लेकिन हर चुनाव के पहले सीटों के बंटवारे और जीत के बाद मंत्रीपद को लेकर उनके खिलाफ आवाज उठी, मगर दबी-दबी। इस बार भी यही सीन था। 2005 से जिस तरह कई बार सुमो को साइड करने की मांग उठ रही थी, वही इस बार भी थी। रविवार को ऐसी ही रायशुमारी के लिए राजनाथ सिंह के आने की चर्चा से भाजपा में कुलबुलाहट थी। इस बार फ्लोर टेस्ट में सुमो को लेकर दूसरा सीन हो सकता था, इसलिए माना जा रहा है कि राजनाथ ने भाजपा विधायकों की बैठक में जाने की योजना पहले टाली, फिर अंतिम समय में रद्द कर दी। राजनीतिक विश्लेषक सुरेंद्र किशोर सुशील कुमार मोदी के केंद्र में जाने से बिहार भाजपा पर कोई प्रभाव नहीं देखते हैं। वह कहते हैं कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, संगठन का प्रभाव है और वैसे भी सुशील मोदी गुटबाजी में भरोसा रखने वाले इंसान नहीं। दूसरी तरफ, भाजपा के अंदर से यह बात भी निकलती है कि पार्टी सुशील मोदी को नीतीश का ‘YES MAN’ मानते हुए अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए इस राह चली है। कहा जाता है कि उप मुख्यमंत्री रहते हुए सुशील कुमार मोदी नीतीश से इतने प्रभावित रहे कि भाजपाई मंत्रियों को उभरने और प्रभावी होने का मौका ही नहीं मिला, इसलिए यह बदलाव किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इसी तरह की चर्चा है। हालांकि, सुरेंद्र किशोर इसमें भी जोड़ते हैं- ‘उप-मुख्यमंत्री के रूप में भाजपा जिस नए नाम को आगे करेगी, उसके बारे में नीतीश से सहमति जरूर लेगी, यह अलग बात है कि नीतीश दूसरे के काम में हस्तक्षेप नहीं करते।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!