प्रधानमंत्री मोदी ने दिवंगत केशुभाई के घर जाकर श्रद्धाजंलि दी

अहमदाबाद(लाइवभारत24)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से 2 दिन के गुजरात दौरे पर हैं। कोरोनाकाल में ये मोदी का पहला गुजरात दौरा है। वे शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे प्लेन से अहमदाबाद पहुंचे। करीब 10.30 बजे गांधीनगर पहुंचे और दिवंगत केशुभाई पटेल के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई का हार्ट अटैक की वजह से गुरुवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया था। केशुभाई को श्रद्धांजलि देने के बाद मोदी नरेश कनोडिया-महेश कनोडिया को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे। कनोडिया भाइयों का कुछ समय पहले निधन हो गया था। नरेश कनोडिया गुजराती एक्टर थे। उनके भाई महेश म्यूजिशियन थे। वे भाजपा सांसद भी रह चुके थे।
मोदी गांधीनगर से नर्मदा जिले के केवडिया जाएंगे। वहां स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के पास ट्यूरिज्म से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। शनिवार को केवडिया में देश की पहली सी-प्लेन सर्विस की शुरुआत करेंगे। गुजरात सरकार ने केंद्र के निर्देश पर सी-प्लेन प्रोजेक्ट शुरू किया है। मोदी सी-प्लेन से अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट से केवडिया डेम तक का सफर करेंगे। सी-प्लेन से 220 किमी का सफर सिर्फ 45 मिनट में पूरा हो जाएगा।
प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे के दूसरे दिन यानि शनिवार को सरदार पटेल की जयंती भी है। इस मौके पर मोदी स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर जाकर पटेल को श्रद्धांजलि देंगे। वे एकता दिवस की परेड में भी मौजूद रहेंगे। इस परेड में गुजरात पुलिस, सेंट्रल रिजर्व आर्म्ड फोर्सेज, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस, CISF और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स के जवान हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!