24 घंटे में 20 हजार कोरोना के नए मरीज मिले 

नई दिल्ली (लाइव भारत 24)।  देश में कोरोना मरीजों की संख्या में बुधवार को कुछ बढ़त होती नजर आई। 20 हजार 472 नए मरीज मिले, 19 हजार 689 ठीक हुए और 222 की मौत हो गई। 26 दिसंबर के बाद ऐसा पहली बार हुआ कि नए मरीजों की संख्या ठीक होने वालों से ज्यादा रही। साथ ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी 547 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
देश में अब तक 1.03 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.50 लाख मरीजों की मौत हो चुकी है और 2.25 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
देश में अगले हफ्ते से वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू होना है। इसके पहले 8 जनवरी को पूरे देश में एक साथ वैक्सीनेशन का ड्राई रन (रिहर्सल) होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के हर जिले में ड्राई रन कराने का मकसद वैक्सीनेशन के दौरान आने वाली दिक्कतों की पहचान करना है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अफसरों और कई बड़े डॉक्टरों की एक टीम जल्द ही केरल जाएगी। यह टीम वहां कोविड-19 मैनेजमेंट के इंतजाम देखेगी और महामारी की रोकथाम में राज्य सरकार की मदद करेगी। राज्य में पिछले सात दिन के अंदर 35 हजार 38 नए मामले सामने आए हैं। यहां हर दिन पांच हजार लोग संक्रमित मिल रहे हैं। भारत अब एक्टिव केस के मामले में दुनिया के टॉप-10 देशों की लिस्ट से बाहर हो गया है। यहां अब 2.25 लाख एक्टिव केस बचे हैं। अब तक भारत इस मामले में 10वें नंबर पर था। केंद्र ने तमिलनाडु सरकार को पत्र लिखकर राज्य में 100% की क्षमता के साथ थिएटर खोलने के फैसले को वापस लेने के लिए कहा है। एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने सभी थिएटर को 100% की क्षमता के साथ खोलने को मंजूरी दे दी थी। केंद्र ने कहा कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत 50% की क्षमता के साथ ही थिएटर खुल सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बारे में आदेश दिया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को Co-WIN ऐप के नाम पर हो रहे फर्जीवाड़े से लोगों को सतर्क रहने को कहा है। मंत्रालय ने सूचना जारी कर बताया कि अभी सरकार की तरफ से वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन की कोई प्रक्रिया नहीं शुरू हुई है। ऐप स्टोर पर Co-WIN से मिलते-जुलते कई मोबाइल ऐप चल रहे हैं। लोग इसे न तो डाउनलोड करें और न ही इस पर अपनी निजी जानकारियां शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!