25 राज्यों में बारिश से अब तक 218 मौतें

मुंबई (लाइवभारत24)। महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल समेत देश के 25 राज्यों में बारिश हो रही है। गुजरात में पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 14 लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र में अब तक 84 लोग मारे गए हैं। इस तरह बाढ़ और भूस्खलन जैसे हादसों में अब तक 218 लोगों की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से गुरुवार को ठाणे, पालघर और नवी मुंबई के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। उधर, मुंबई यूनिवर्सिटी ने गुरुवार को होने वाले परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इनकी नई तारीखों का ऐलान बाद में होगा। हालांकि, मुंबई में आज स्कूल बंद नहीं किए गए हैं। पूरे महाराष्ट्र में बुधवार को औसतन 43 मिमी बारिश हुई। गोंदिया में 15 श्रद्धालु उफनती वैनगंगा नदी के बीच स्थित एक मंदिर में फंस गए थे। उन्हें गुरुवार सुबह निकाल लिया गया। ये लोग को गुरु पूर्णिमा पर पूजा करने पहुंचे थे। एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची थी। उधर,पालघर के वसई में भूस्खलन से पिता और उसकी बेटी की मौत हो गई। महाराष्ट्र के मुंबई, कोंकण रीजन में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि मुंबई में इस दौरान रुक-रुककर बारिश होगी। वहीं, उपनगरों में भारी से भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!