तुर्की में 7 तीव्रता का भूकंप, 6 की मौत

अंकारा  (लाइवभारत24)। ग्रीस और तुर्की में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7 मापी गई है। तुर्की में ज्यादा नुकसान की खबर है। यहां 6 लोगों की जान गई और 202 लोग घायल हो गए हैं। यहां कई इमारतें भी जमींदोज हो गईं। ग्रीस में झटकों के बाद लोग दहशत में घरों से बाहर आ गए। झटकों के बाद समुद्र का स्तर बढ़ गया और तुर्की के शहर इजमिर में समुद्र का पानी भर गया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो शेयर किया है। तुर्की के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि केवल बाराकली जिले में कम से कम 10 इमारतें गिर गईं। स्थानीय मीडिया में चल रहे कई वीडियोज में गिरी हुई इमारतें दिखाई दे रही हैं। कई अपार्टमेंट की दीवारों में बड़ी दरारें भी आ गईं हैं। दक्षिणी तुर्की में भूकंप से गिरी इमारत के मलबे से महिला को बचाते रेस्क्यू टीम के मेंबर। दक्षिणी तुर्की में भूकंप से गिरी इमारत के मलबे से महिला को बचाते रेस्क्यू टीम के मेंबर। बता दें कि तुर्की का इजमिर प्रांत एक्टिव फॉल्ट लाइन पर है। प्रमुख उत्तरी अनातोलियन फॉल्ट लाइन के कारण 1999 में इस्तांबुल के पास काफी शक्तिशाली भूकंप आया था। इसमें 17,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। इस्तानबुल (1.55 करोड़) और अंकारा (57 लाख) के बाद आबादी के हिसाब से इजमिर तुर्की का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। यहां की जनसंख्या करीब 43 लाख है। तुर्की के राष्ट्रपति रेजेप तैयप अर्दोआन ने ट्वीट किया कि वे सरकार के पास उपलब्ध सभी साधनों के साथ लोगों की मदद करने के लिए तैयार हैं। वहीं, हेल्थ मिनिस्टर फहरेतीन कोजा ने ट्विटर पर भूकंप से मौतों की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि इजमिर में लोग बचने के लिए घरों से भागकर सड़कों पर जमा हो गए। यहां कम से कम 20 इमारतें गिरी हैं। इजमिर के गवर्नर यावुज सेलिम कोसगर ने कहा कि अब तक मलबे से 70 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। अनाडोलु न्यूज एजेंसी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने भूकंप को लेकर एक क्राइसिस डेस्क बनाया है। दो मिलिट्री हेलिकॉप्टर सर्च और रेस्क्यू में लगे हुए हैं।
तुर्की के आपदा और आपातकालीन प्रबंधन प्रेसीडेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र एजियन सागर में 16.5 किलोमीटर गहराई पर था। यूरोपियन-मेडिटेरियन सीसमोलॉजिकल सेंटर ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 6.9 थी। इसका केंद्र समोस के ग्रीक आइसलैंड से 13 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!