एशिया कप टी20 टूर्नामेंट पर फैसला टला

livebharat24

नयी दिल्ली। एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के कार्यकारी बोर्ड ने इस साल होने वाले एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के भविष्य को लेकर फैसला टाल दिया है। इस तरह की अटकलें हैं कि कोरोना वायरस महामारी के कारण इस टूर्नामेंट को स्थगित किया जा सकता है। एशिया कप का आयोजन सितंबर में होना है। इस बाद मेजबानी की बारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की है और अगर इसका आयोजन होता है तो किसी अन्य देश में होगा क्योंकि भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है। पता चला है कि एसीसी आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप (अक्टूबर-नवंबर) पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के फैसले का इंतजार करेगा और उसके बाद ही एशिया कप पर फैसला करेगा।
सोमवार को बैठक के बाद एसीसी ने कहा, ‘‘बोर्ड ने एशिया कप 2020 के आयोजन के महत्व पर जोर दिया। कोविड-19 महामारी के प्रभाव और परिणाम को देखते हुए एशिया कप 2020 संभावित आयोजन स्थल के विकल्पों पर चर्चा की गई और फैसला किया गया कि समय आने पर अंतिम फैसला किया जाएगा।’’ एसीसी बोर्ड बैठक की अध्यक्षता बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन पेपोन ने की और यह पहली महाद्वीपीय बैठक है जिसमें बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह ने हिस्सा लिया। इस मामले की जानकारी रखने वाले एसीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टूर्नामेंट को स्थगित किए जाने को लेकर चर्चा हुई लेकिन वैकल्पिक तिथियों को लेकर कोई सहमति नहीं बनी। इसके अलावा चीन में होने वाले 2022 एशियाई खेलों में एसीसी के शामिल होने पर भी चर्चा की गई।

One thought on “एशिया कप टी20 टूर्नामेंट पर फैसला टला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!