एशियन गेम्स का नागोया में आगाज, मनु भाकर और पवन सेहरावत ने संभाली भारतीय दल की कमान

नागोया जापान(लाइवभारत24)। जापान के आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स का शनिवार को आधिकारिक रूप से आगाज हो गया। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में एशिया के विभिन्न देशों से पहुंचे खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। जापान के सम्राट नारुहितो ने खेलों के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की।

उद्घाटन समारोह में भारतीय दल ने पूरे जोश के साथ मार्च किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ मार्च किया। पवन सेहरावत को अंतिम समय में शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह ध्वजवाहक बनाया गया। तूर को आधिकारिक किट समय पर नहीं मिल पाने के कारण यह बदलाव किया गया।

एशियन गेम्स के कुछ मुकाबले पहले ही शुरू हो चुके हैं, लेकिन शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ खेलों की आधिकारिक शुरुआत हुई। समारोह में पारंपरिक जापानी संगीत और नृत्य के साथ आधुनिक प्रस्तुतियां भी देखने को मिलीं। इसके बाद विभिन्न देशों के दलों ने राष्ट्रों की परेड में हिस्सा लिया।

तिरंगे के साथ भारतीय दल की खास मौजूदगी

भारतीय दल की एंट्री उद्घाटन समारोह के प्रमुख आकर्षणों में रही। मनु भाकर और पवन सेहरावत तिरंगा लेकर सबसे आगे रहे। मनु भाकर पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीत चुकी हैं, जबकि पवन सेहरावत 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे।

एशियन गेम्स 2026 में भारत के 503 खिलाड़ी 36 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

भारत ने पिछले एशियन गेम्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 107 पदक जीते थे, जिसमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी भारतीय दल इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!