महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिलने पहुंचीं कंगना

मुंबई (लाइवभारत24)। कंगना रनोट अपना दफ्तर तोड़े जाने के 4 दिन बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात करने पहुंचीं। उनके साथ बहन रंगोली भी थीं। यह मुलाकात राज्य के सीएम उद्धव ठाकरे की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के करीब दो घंटे बाद हुई। राज्य की जनता को दिए संबोधन में उद्धव ने कंगना का नाम लिए बगैर कहा कि राज्य में चल रही राजनीति पर वो अभी नहीं, बाद में बोलेंगे। उद्धव ने कहा कि उनकी खामोशी को कमजोरी ना समझा जाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक साइक्लोन आते रहेंगे और वो उनका सामना करते रहेंगे। वहीं राज्यपाल से मिलने के बाद कंगना ने कहा कि राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरे साथ जो अभद्र व्यवहार किया गया, उसके बारे में मैंने राज्यपाल से बात की। मुझे उम्मीद पर है कि मामले में मुझे न्याय मिलेगा।
बीएमसी ने 9 सितंबर को कंगना के पाली हिल स्थित मणिकर्णिका फिल्म्स के दफ्तर में दो घंटे तक तोड़फोड़ की थी। कंगना इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट गई थीं, जिसके बाद कार्रवाई रोक दी गई थी। हाईकोर्ट ने भी बीएमसी पर तल्ख टिप्पणी की थी। कहा था- इतनी तेजी शहर के दूसरे अवैध निर्माणों पर दिखाई जाती तो मुंबई कुछ और होती। अपने दफ्तर पर कार्रवाई के बाद कंगना लगातार महाराष्ट्र सरकार पर हमलावर हैं। बीएमसी की कार्रवाई के बाद 9 सितंबर को ही कंगना ने ट्वीट किया था- आज मेरा घर टूटा है, कल तेरा घमंड टूटेगा, जय महाराष्ट्र। उद्धव ठाकरे! तुझे क्या लगता है, तूने फिल्म माफिया के साथ मिलकर मेरा घर तोड़कर मुझसे बहुत बड़ा बदला लिया है। तुमने बहुत बड़ा एहसान किया है। मुझे पता तो था कि कश्मीरी पंडितों पर क्या बीती होगी। आज मुझे इस बात का एहसास हुआ है। ठाकरे, यह जो क्रूरता और आतंक मेरे साथ हुआ है, उसके कुछ मायने हैं। जय हिंद। जय भारत। अगले ही दिन यानी गुरुवार को कंगना ने फिर उद्धव पर निशाना साधा। ट्वीट किया- तुम्हारे पिताजी के अच्छे कर्म तुम्हें दौलत तो दे सकते हैं मगर सम्मान तुम्हें खुद कमाना पड़ता है, मेरा मुंह बंद करोगे मगर मेरी आवाज मेरे बाद सौ और फिर लाखों में गूंजेगी, कितने मुंह बंद करोगे? कितनी आवाजें दबाओगे? कब तक सच्चाई से भागोगे। तुम कुछ नहीं हो, सिर्फ वंशवाद का एक नमूना हो।शुक्रवार को कंगना ने एक वीडियो शेयर कर लिखा- महाराष्ट्र में सरकार का आतंक और अत्याचार बढ़ते ही जा रहे हैं। यह वीडियो महाराष्ट्र में पूर्व नेवी अफसर की शिवसैनिकों द्वारा पिटाई का था। शनिवार को कंगना ने सोमनाथ मंदिर की फोटो ट्वीट की। उन्होंने लिखा- सोमनाथ को कितने दरिंदों ने कितनी बार बेरहमी से उजाड़ा, मगर इतिहास गवाह है कि क्रूरता और अन्याय कितने भी शक्तिशाली क्यूं न हों… आखिर में जीत भक्ति की ही होती है। हर-हर महादेव।

One thought on “महाराष्ट्र के राज्यपाल से मिलने पहुंचीं कंगना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!