कुछ लोग फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम कर रहे: जया बच्चन

जयाजी से ऐसी उम्मीद नहीं थी: रवि किशन

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। सुशांत की मौत से फैला बॉलीवुड में ड्रग्स विवाद अब संसद तक पहुंच गया है। मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को राज्यसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने ड्रग्स विवाद पर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा सांसद रवि किशन का नाम लिए बिना कहा, फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमाने वाले उसी को गटर कह रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार ऐसे लोगों से कहे कि वे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करें।’जया बच्चन ने कहा कि कुछ लोगों की वजह से आप पूरे इंडस्ट्री की छवि को धूमिल नहीं कर सकते। मुझे शर्म आती है कि कल लोकसभा में हमारे एक सदस्य, जो फिल्म उद्योग से हैं, उन्होंने इसके खिलाफ बोला। यह शर्मनाक है। आप जिस थाली में खाते हैं उसमें छेद नहीं कर सकते हैं।
जया बच्चन के बयान पर रविकिशन ने मंगलवार को कहा, मुझे उम्मीद थी कि जयाजी मेरा समर्थन करती थी। इंडस्ट्री में सभी ड्रग्स नहीं लेते, लेकिन जो लोग लेते हैं, वे दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री को खत्म करने की योजना का हिस्सा हैं। जब मैंने और जयाजी फिल्म इंडस्ट्री को ज्वाइन किया था तब हालात ऐसे नहीं थे, लेकिन आज इंडस्ट्री को बचाने की जरूरत है।
दरअसल, सोमवार को भाजपा सांसद रवि किशन ने लोकसभा में ड्रग्स और बॉलीवुड कनेक्शन का मुद्दा उठाया था। उन्होंने शून्यकाल के दौरान कहा था कि पाकिस्तान और चीन से ड्रग्स की तस्करी हो रही है। यह देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि हमारे फिल्म उद्योग में इसकी पैठ हो चुकी है और एनसीबी इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरी मांग है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!