भारत में कोरोना के अब तक 59.54 लाख केस

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। भारत में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 7 करोड़ के पार हो गया है। अब तक 7 करोड़ 12 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 8.33% यानी 59 लाख 54 हजार 932 लोग संक्रमित मिले हैं। हर 10 लाख की आबादी में 50 हजार 803 लोगों की जांच हो रही है। इनमें 4200 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। सितंबर के इन 26 दिनों में सबसे ज्यादा जांच हुई है। इस दौरान करीब 2.70 करोड़ लोगों का टेस्ट हुआ और इनमें 22.92 लाख लोग संक्रमित पाए गए। इसके पहले अगस्त में 2.39 करोड़ लोगों की जांच हुई और इनमें 19.90 लाख मरीज मिले।राहत की बात है कि कुल संक्रमितों में 48 लाख 93 हजार 664 लोग ठीक भी हो चुके हैं। अभी 9 लाख 66 हजार 779 मरीजों का इलाज चल रहा, जबकि 93 हजार 914 लोग जान गंवा चुके हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कोरोना वैक्सीन को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार से बड़ा सवाल किया। उन्होंने ट्वीट करके पूछा कि क्या केंद्र सरकार के पास कोविड-19 वैक्सीन की खरीददारी और डिस्ट्रीब्यूट करने के लिए अगले एक साल में 80 हजार करोड़ रुपए खर्च करने के लिए है?
पूनावाला ने लिखा, “यह सवाल इसलिए क्योंकि भारत में सभी के लिए वैक्सीन खरीदने और उसे बांटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय को इतनी ही रकम की जरूरत होगी।” पूनावाला ने पीएमओ को टैग किया और लिखा, “यह अगली चुनौती है, जिससे हमें निपटना होगा।” शुक्रवार को 13 लाख 41 हजार 535 लोगों की जांच हुई। इसके पहले गुरुवार को रिकॉर्ड 14 लाख 92 हजार 409 लोगों की जांच हुई थी। अब तक 7 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है।
ओडिशा देश का 8वां राज्य हो गया है, जहां संक्रमितों की संख्या 2 लाख से अधिक हो चुकी है। शुक्रवार को यहां 4208 नए केस मिले। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या 2 लाख 1 हजार 96 हो गई है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में संक्रमितों की संख्या 2 लाख से ज्यादा हो चुकी है।
अब हर 10 लाख की आबादी में मरीजों के मिलने की संख्या बढ़ गई है। अब इतनी आबादी में 4210 लोग संक्रमित मिल रहे हैं। 20 सितंबर तक 4200 मरीज मिल रहे थे। इतनी ही आबादी में मरने वालों की संख्या भी 67 हो गई है।
पीजीआई चंडीगढ़ में शुक्रवार से ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड का ट्रायल शुरू हो गया है। यहां वैक्सीन का डोज लेने के लिए 400 वॉलंटियर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
उत्तरप्रदेश राज्य में शनिवार को संक्रमण के 4412 नए मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि प्रदेश में लगातार नए मामलों के मुकाबले कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या बढ़ रही है। बीते 24 घंटे में इलाज के बाद 6546 कोरोना मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। राज्य में रिकवरी रेट 83.64 प्रतिशत हो गया है।

One thought on “भारत में कोरोना के अब तक 59.54 लाख केस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!