आईपीएल में आज दो मुकाबले: दिल्ली का मुकाबला मुंबई से; शाम को बेंगलुरु-हैदराबाद आमने-सामने

दुबई/शारजाह (लाइवभारत24)। आईपीएल 2020 का लीग राउंड अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। शनिवार को होने वाले डबल हेडर में 4 में से दो टीमों के पास प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्की करने का मौका है। मुंबई इंडियंस पहले ही अपनी जगह प्ले-ऑफ में पहुंच चुकी है। उसका मुकाबला दोपहर में 3:30 बजे दिल्ली कैपिटल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे शारजाह में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा। यदि दिल्ली और बेंगलुरु अपने-अपने मुकाबले जीत लेतीं हैं, तो दोनों की प्ले-ऑफ में जगह पक्की हो जाएगी। सीजन के 51वें मैच में मुंबई के साथ होने वाले मुकाबले में दिल्ली जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी। लगातार 3 मैच हारने के बाद दिल्ली दबाव में है। वहीं, मुंबई के रेगुलर कप्तान रोहित शर्मा अनफिट हैं। उनकी जगह कुछ मैचों में कीरोन पोलार्ड कप्तानी संभाल रहे हैं।
वहीं, सीजन का 52वां मैच बेंगलुरु और हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। हैदराबाद को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अगर यहां हारे, तो उसे प्ले-ऑफ के लिए किंग्स इलेवन पंजाब, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। दूसरी ओर, लगातार 2 मैच हार कर आ रही बेंगलुरु इस मैच को जीतकर प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी।
पॉइंट्स टेबल की बात करें, तो मुंबई टॉप पर है। उसने सीजन में 12 मैच खेले हैं, जिसमें उसने 8 जीते और 4 हारे हैं। वहीं, दिल्ली ने सीजन में अब तक 12 में से 7 जीते और 4 हारे हैं और 14 पॉइंट्स के साथ वह तीसरे स्थान पर है। सीजन में पिछली बार जब मुंबई और दिल्ली का आमना-सामना हुआ था, तब मुंबई ने दिल्ली को 5 विकेट से हराया था। अबु धाबी में सीजन के 27वें मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने 5 विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया था। पॉइंट्स टेबल में बेंगलुरु टॉप-2 और हैदराबाद बॉटम-4 में है। बेंगलुरु ने सीजन में 12 में से 7 मैच जीते और 5 हारे हैं। उसके 14 पॉइंट्स हैं। वहीं, हैदराबाद ने सीजन में 12 मैच में से 5 जीते और 7 हारे हैं। उसके 10 पॉइंट्स हैं।
सीजन के 11वें मैच में बेंगलुरु ने हैदराबाद को 10 रन से हराया था। दुबई में खेले गए मुकाबले में बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 163 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद 153 रन पर सिमट गई थी।
दिल्ली में ऋषभ पंत 15 करोड़ और शिमरॉन हेटमायर 7.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा 15 करोड़ और हार्दिक पंड्या 11 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं।
RCB में कप्तान विराट कोहली 17 करोड़ और एबी डिविलियर्स 11 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, हैदराबाद में वॉर्नर सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन के 12.50 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में मनीष पांडे का नाम है, जिन्हें इस सीजन में 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।
दुबई और शारजाह में मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा। दोनों जगह तापमान 22 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दोनों जगह पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। यहां स्लो विकेट होने के कारण स्पिनर्स को भी काफी मदद मिलेगी। दोनों जगह टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।
दुबई में इस आईपीएल से पहले हुए पिछले 61 टी-20 में पहले बल्लेबाजी वाली टीम की जीत का सक्सेस रेट 55.74% रहा है। वहीं, शारजाह में हुए पिछले 13 टी-20 में पहले बल्लेबाजी वाली टीम की जीत का सक्सेस रेट 69% रहा है। आईपीएल इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक 5 बार फाइनल खेला है। वहीं, दिल्ली अकेली ऐसी टीम है, जो अब तक फाइनल नहीं खेल सकी। हालांकि, दिल्ली टूर्नामेंट के शुरुआती दो सीजन (2008, 2009) में सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
हैदराबाद ने अब तक तीन बार फाइनल (2009, 2016, 2018) खेला है। जिसमें उसे 2 बार (2009, 2016) जीत मिली और एक बार (2018) हार का सामना करना पड़ा। वहीं, दिल्ली अकेली ऐसी टीम है, जो अब तक फाइनल नहीं खेल सकी। वहीं, आरसीबी ने 2009 में अनिल कुंबले और 2011 में डेनियल विटोरी की कप्तानी में फाइनल खेला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!