मुंबई बनी 5वीं बार आईपीएल चैम्पियन

दुबई (लाइवभारत24)। 5वीं बार मुंबई इंडियंस ने 5वीं बार आईपीएल का खिताब जीता। वह सबसे ज्यादा बार टूर्नामेंट जीतने वाली टीम बन गई। रोहित की टीम ने पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराया। इस हार से दिल्ली के साथ एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। दिल्ली फाइनल में 160 से कम रन बनाकर हारने वाली पहली टीम बन गई। उधर, 6 बार खिताबी मुकाबले में पहुंची रोहित की टीम पहली बार लक्ष्य का पीछा करके जीती है। इससे पहले 2010 के फाइनल में भी मुंबई ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चेज किया था, पर यह मुकाबला वह हार गई थी।
इससे पहले, दुबई के मैदान पर दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 157 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में मुंबई ने 18.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 157 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। टीम के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 51 बॉल में 68 और ईशान किशन ने 19 बॉल में 33 रन बनाए। IPL के 12 सीजन में 4 टीमों ने फाइनल में 160 से कम का स्कोर बनाया और चैम्पियन बनीं। 3 बार मुंबई ने ऐसा किया। उसने 2019 में चेन्नई, 2017 में पुणे सुपरजाइएंट्स और 2013 में चेन्नई के खिलाफ 160 से कम का टारगेट डिफेंड किया। एक बार 2009 में डेक्कन चार्जर्स ने बेंगलुरु के खिलाफ 160 रन से कम का स्कोर बनाकर खिताब जीता था।

ट्रेंट बोल्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने 14 मैच में 20 विकेट लिए और 113 रन भी बनाए।
किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने 14 मैच में सबसे ज्यादा 670 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने पर्पल कैप जीती। उन्होंने सीजन में 17 मैच खेले, जिसमें सबसे ज्यादा 30 विकेट लिए।
यह दूसरी बार है, जब फाइनल में दोनों टीमों के कप्तानों ने फिफ्टी लगाई। इससे पहले 2016 के फाइनल में हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने 69 रन और बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली ने 54 रन बनाए थे।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने 45 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की।
डिकॉक 20 रन बनाकर स्टोइनिस की बॉल पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट हो गए। इसके बाद टीम ने 90 रन पर दूसरा विकेट गंवाया। सूर्यकुमार (19) रनआउट हो गए। इसके बाद रोहित ने ईशान के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की पार्टनरशिप की। रोहित 68 रन बनाकर आउट हुए। चौथे विकेट के लिए ईशान किशन और पोलार्ड के बीच 10 रनों की पार्टनरशिप हुई। पोलार्ड 17वें ओवर की पहली गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हुए।
ईशान क्रीज पर जमे रहे। जब जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी, तब हार्दिक आउट हो गए। क्रीज पर आए क्रुणाल और ईशान ने 8 गेंदें बाकी रहते टारगेट चेज कर लिया। ईशान ने 19 गेंदों पर 33 रन बनाए। दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। ओपनर स्टोइनिस पहली बॉल पर आउट हुए। बोल्ट ने उन्हें कीपर के हाथों कैच करवाया। IPL इतिहास में पहली बार हुआ, जब कोई खिलाड़ी मैच की पहली बॉल पर आउट हुआ। तीसरे ओवर में अजिंक्य रहाणे को बोल्ट ने पैवेलियन का रास्ता दिखाया तो सीजन का दूसरा मैच खेल रहे जयंत यादव ने चौथे ओवर में शिखर धवन (15) को क्लीन बोल्ड किया। 3 विकेट पर तब दिल्ली का स्कोर 22 रन था।
क्रीज पर कैप्टन श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत थे। अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 65 और ऋषभ पंत ने 56 रन की पारी खेली। IPL में यह अय्यर की 16वीं और पंत की 12वीं फिफ्टी रही। सीजन में अय्यर का तीसरी और पंत का पहला अर्धशतक रहा। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 बॉल पर 96 रन की पार्टनरशिप की।
पंत और अय्यर के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और दिल्ली की टीम 20 ओवर में 156 रन पर सिमट गई।
अय्यर ने फाइनल में नाबाद 65 रन बनाए, यह IPL फाइनल में किसी कप्तान का दूसरा बेस्ट स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर के नाम था। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 2016 के फाइनल में 69 रन बनाए थे।
एक सीजन में पावर-प्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में ट्रेंट बोल्ट ने मिशेल जॉनसन के रिकॉर्ड की बराबरी की। दोनों ने पावर-प्ले में 16-16 विकेट लिए हैं। बोल्ट ने 36 ओवर किए, जिसमें 13.5 की स्ट्राइक रेट और 6.72 की इकोनॉमी से 16 बल्लेबाजों को आउट किया। जॉनसन ने 2013 सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी।
रोहित शर्मा IPL में 200 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी IPL में 200 मैच खेल चुके। रोहित लीग में मुंबई इंडियंस के अलावा डेक्कन चार्जर्स से भी खेल चुके हैं। मुंबई के लिए रोहित का यह 155वां मैच है।
दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। स्पिनर राहुल चाहर की जगह ऑलराउंडर जयंत यादव को टीम में मौका मिला। जयंत ने ही मुंबई को बड़ी सफलता दिलवाई और टूर्नामेंट में 618 रन बनाने वाले धवन को बोल्ड किया। जिससे मैच पलटा और मुंबई जीती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!