ओलिंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार गिरफ्तार

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। जूनियर गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान सागर राणा की हत्या मामले में फरार चल रहे ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के ही मुंडका इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। सुशील के साथ ही उनके साथी अजय को भी गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों 4 मई को देर रात हुई घटना के बाद से फरार चल रहे थे। सुशील पर पुलिस ने एक लाख रुपए और अजय पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।
वहीं, मंगलवार को रोहिणी कोर्ट ने सुशील की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। स्पेशल सेल अब इन दोनों को रोहिणी कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद सुशील और अजय को नॉर्थ-वेस्ट जिले की पुलिस को सौंप दिया जाएगा। स्पेशल सेल को इंस्पेक्टर शिव कुमार, इंस्पेक्टर करमबीर और ACP अतार सिंह लीड कर रहे थे। सुशील पर IPC सेक्शन 302 (हत्या), 365 (अपहरण), 120-B (आपराधिक साजिश रचने) के तहत मामला दर्ज है।

स्पेशल सेल क्राइम ब्रांच के अलावा दिल्ली पुलिस की कई टीमों ने पंजाब के बठिंडा, मोहाली समेत कई राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। दिल्ली में भी कई ठिकानों पर भी छापेमारी की गई थी, लेकिन सुशील हाथ नहीं आए। इससे पहले बीते दिन लगातार सुशील की गिरफ्तारी की अफवाहें उड़ती रहीं।
पुलिस के मुताबिक, 4 मई की देर रात दिल्ली के मॉडल टॉउन थाने के इलाके में सुशील और उनके साथियों ने एक फ्लैट से पहले सागर और उसके दोस्तों को हथियार के बल पर किडनैप किया। फिर छत्रसाल स्टेडियम में ले जाकर उनकी पिटाई की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को स्टेडियम का एक CCTV फुटेज भी हाथ लगा है। इसमें सुशील हॉकी स्टिक से सागर और उसके साथियों को मारते दिखे।

पुलिस के मुताबिक, छत्रसाल स्टेडियम के पार्किंग एरिया में पहलवान के दो गुटों में झड़प के दौरान फायरिंग भी हुई। इसमें 5 पहलवान जख्मी हो गए। इनमें सागर (23), सोनू (37), अमित कुमार (27) और 2 अन्य पहलवान शामिल थे।

सागर पर घर खाली करने का दबाव बना रहे थे सुशील
सागर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल का बेटा था। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुआ था। सागर और उसके दोस्त जिस घर में रहते थे, सुशील उसे खाली करने का दबाव बना रहे थे। साथ ही सागर उस घर का किराया भी नहीं दे रहे थे।

वहीं द प्रिंट ने 7 मई को एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि पुलिस की जांच में पता चला है कि सागर ने सुशील को खुलेआम बदमाश कह दिया था। सुशील इसलिए सागर से नाराज थे क्योंकि उनको लग रहा था कि सागर उनकी छवि खराब कर रहा है। इसलिए वह सागर को सबक सिखाना चाहते थे।
पुलिस को घटनास्थल से 5 गाड़ियों के अलावा एक लोडेड डबल बैरल गन और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दिल्ली पुलिस ने बताया कि वे सुशील कुमार की भूमिका की जांच कर रहे हैं, क्योंकि उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सुशील और अन्य आरोपी की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी भी की।
लुकआउट नोटिस जारी करने के बाद भी सुशील इस मामले में पुलिस का साथ देने के लिए सामने नहीं आए। इस कारण उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस ने फरार चल रहे सुशील और उनके PA अजय के ऊपर इनाम की घोषणा भी की। इनके अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया।
घटना के एक दिन बाद सुशील ने मामले पर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि वह हमारे साथी पहलवान नहीं थे। हमने ही पुलिस अधिकारियों को सूचित किया था कि कुछ अज्ञात लोग हमारे परिसर में घुसकर झगड़ा कर रहे हैं। सुशील ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में सिल्वर और 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!