एक मॉडल का आरोप- FIR की धमकी देकर पोर्न के लिए मजबूर किया

मुंबई (लाइवभारत24)। पोर्न केस में नया मोड़ आ गया है। राज कुंद्रा के बाद अब उनका लगातार सपोर्ट कर रही एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ और राज की कंपनी के 3 प्रोड्यूसर्स के खिलाफ मुंबई के मालाड के मालवाणी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। गहना वशिष्ठ इससे पहले इसी तरह के एक अन्य मामले में अरेस्ट भी हो चुकी हैं। इन चारों पर हॉटशॉट और कुछ अन्य ऐप के लिए अश्लील कंटेंट बनाने का आरोप है। इन चारों पर यह FIR एक मॉडल और उनकी फिल्म में काम कर चुकी एक एक्ट्रेस ने दर्ज करवाई है। अपनी कंप्लेंट में एक्ट्रेस ने कहा है कि हॉटशॉट्स ऐप के लिए पोर्न शूट करने को उन्हें मजबूर किया गया था। अगर वे मना करती थीं, तो उन्हें कॉन्ट्रैक्ट और FIR की धमकी दी जाती थी। आज इस केस को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल को सौंप दिया जाएगा।

आरोप लगाने वाली महिला मॉडल की उम्र 25 साल है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि वह हिंदी, मराठी और भोजपुरी फिल्मों में छोटी भूमिकाएं करती हैं। 2018 में उन्हें रौनक नाम के एक कास्टिंग डायरेक्टर के जरिए कुछ काम मिला। 4 फरवरी 2018 को, वे मलाड में मिले जहां रोवा खान नाम की प्रोड्यूसर से मिलवाया गया। रोवा की कार से उसे मढ़ के एक बंगले पर ले जाया गया और ‘सिंगल मदर’ नाम की एक स्क्रिप्ट दी गई। इसके बाद महिला को मेकअप रूम में ले जाया गया।

महिला जैसे ही तैयार होकर पहुंची उसे एक प्रोड्यूसर ने कहा कि वे ‘सिंगल मदर’ की भूमिका में फिट नहीं हो रही हैं, इसलिए अब उन्हें ‘बर्तनवाली’ नाम की एक अलग फिल्म करनी होगी। महिला ने स्क्रिप्ट पढ़ी और बहुत ज्यादा बोल्ड सीन होने के कारण उसमें काम करने से मना कर दिया। रोवा ने उससे कहा था कि अगर उसे पैसे चाहिए तो उसे इस फिल्म में काम करना होगा।

महिला को मनाने के लिए रोवा ने यह भी कहा कि यह फिल्म किसी भी चैनल पर प्रसारित नहीं होगी। यह एक ऐप के लिए है और इसे देखने के लिए उन्हें भुगतान करना होगा, साथ ही यह कहा गया कि एक्ट्रेस का नाम और चेहरा ग्राफिक्स के जरिए बदल दिया जाएगा।’

इसके बाद रोवा ने महिला से ‘शनाया’ नाम से एक छोटा सा वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए कहा। वीडियो में महिला को कहना था, ‘हाय, मेरा नाम शनाया है। मैंने हॉट हिट चैनल पर बोल्ड सीरीज की है। मेरा लुक देखने के लिए हॉट हिट चैनल को डाउनलोड, लाइक और सब्सक्राइब करें। अगर यह वेब सीरीज कहीं भी रिलीज होती है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है।’

इसी मामले में राज कुंद्रा की ओर से मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में जमानत की याचिका दायर की गई है। आज उस पर सुनवाई होनी है। उनके वकील का तर्क है कि मुंबई पुलिस राज से कई बार पूछताछ कर चुकी है। आगे भी वे बुलाने पर हाजिर हो जाएंगे, इसलिए उन्हें पुलिस स्टेशन में रखने का कोई मतलब नहीं है।

राज फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। राज को पोर्न फिल्म बनाने के आरोप में 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 20 जुलाई को कोर्ट ने 23 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 27 जुलाई तक कर दिया गया था।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, पोर्न स्कैंडल की जांच पिछले साल से की जा रही है। इसके दायरे में कई OTT प्लेटफॉर्म ऐप के मालिक और नामचीन हस्तियां हैं। उनका बयान महाराष्ट्र साइबर यूनिट ने दर्ज किया है, लेकिन किसी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी नहीं हुई थी। अभी पुराने मामलों की जांच चल ही रही थी और किसी को क्लीनचिट नहीं दी गई है। इसलिए माना जा रहा है कि इस मामले में और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!