टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा कन्फर्म

26 दिसंबर को मेलबर्न में बॉक्सिंग डे और फिर 3 जनवरी को सिडनी में न्यू ईयर टेस्ट खेला जाएगा

मुंबई (लाइवभारत24)। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पहले ही मंजूरी दे दी है। अब हमने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड से खिलाड़ियों का क्वारैंटाइन समय कम करने के लिए कहा है। उम्मीद है ऐसा होगा, क्योंकि दो हफ्ते होटल के रूम में रहना बहुत मुश्किल होगा।
भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अक्टूबर में 3 टी-20 की सीरीज के बाद अक्टूबर-नवंबर में ही टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है। इसके बाद दिसंबर-जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 टेस्ट और 3 वनडे की सीरीज भी होनी है। वहीं, आशंका जताई जा रही है कि कोरोना के कारण वर्ल्ड कप टल सकता है।
गांगुली ने कहा, ‘‘हमने दौरे के लिए मंजूरी दे दी है। दिसंबर में हमें वहां जाना होगा। हमें उम्मीद है कि क्वारैंटाइन के दिनों को थोड़ा कम किया जाएगा, क्योंकि हम नहीं चाहते कि खिलाड़ी दो हफ्ते तक होटल के रूम में बैठे रहें। यह बहुत बहुत डिप्रेसिंग और डिसपॉइंटिंग है। मेलबर्न को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हालात ठीक हैं, इसलिए हमें क्वारैंटाइन के दिन कम होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत मुश्किल सीरीज होने वाली है। यह दो साल पहले हुई सीरीज की तरह नहीं होगी। इस बार ऑस्ट्रेलिया काफी मजबूत है, जबकि भारत भी अच्छी टीम है। हमारे पास शानदार बेट्समैन, बॉलर हैं। हमें सिर्फ अच्छी बल्लेबाजी की जरूरत होगी। मैंने विराट को भी यह बताया है। मैंने उनसे कहा कि आप विराट कोहली हो, आपका स्टैंडर्ड हाई है। जब विदेश में जाते हैं, तो मैं टीवी पर आपको खेलते देखता हूं। मैं यह उम्मीद नहीं करता कि आप ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा खेलें। मैं आशा करता हूं कि आप सिर्फ जीतें।’’

भारत ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक 12 में से 8 सीरीज हारीं और 3 ड्रॉ खेली हैं। पिछली बार 2018 के आखिर में भी दोनों देशों के बीच 4 टेस्ट की सीरीज खेली गई थी। तब भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में 2-1 से हराया था। टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया में यह पहली टेस्ट सीरीज जीत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!