पंजाब के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के लिए आज करो या मरो का मैंच

अबु धाबी(लाइवभारत24)। आज आइपीएल2020 का 50वां मैच किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। राजस्थान के लिए यह मैच एलिमिनेटर की तरह है। अगर स्मिथ की टीम यह मैच हारती है, तो उनके लिए प्ले-ऑफ के दरवाजे बंद हो जाएंगे और वह चेन्नई के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। वहीं, पंजाब सीजन की 7वीं जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर बरकरार रहना चाहेगी।
पंजाब के खिलाफ ही राजस्थान ने IPL का सबसे टारगेट चेज किया था। शारजाह में खेले गए सीजन के 9वें मैच में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 223 रन बनाए थे। जवाब में राहुल तेवतिया की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत राजस्थान ने 3 बॉल शेष रहते ही 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया था।
पॉइंट्स टेबल की बात करें, तो पंजाब 12 पॉइंट्स के साथ चौथे और राजस्थान 10 पॉइंट्स के साथ 7वें स्थान पर है। लगातार 5 मैच हारने वाली पंजाब ने पिछले 5 मैच लगातार जीतकर टूर्नामेंट में वापसी की है। दोनों टीमें अपने पिछले मुकाबले जीतकर आ रही हैं। पंजाब ने कोलकाता और राजस्थान ने मुंबई को हराया था।
पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल और उनके साथी ओपनर मयंक अग्रवाल शानदार फॉर्म में हैं। राहुल सीजन में सबसे ज्यादा 595 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वहीं, मयंक अग्रवाल ने सीजन में अब तक 398 रन बनाए हैं। दोनों खिलाड़ी इस सीजन में शतक भी जड़ चुके हैं।
राजस्थान की बल्लेबाजी का दारोमदार संजू सैमसन और स्टीव स्मिथ पर रहेगा। सैमसन ने सीजन में 326 और स्मिथ ने 276 रन बनाए हैं। पिछले मैच में शतक लगाने वाले बेन स्टोक्स का फॉर्म में आना राजस्थान के लिए अच्छा संकेत है।
पंजाब के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सीजन में अब तक 20 विकेट लिए हैं। सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में वे तीसरे स्थान पर हैं। पहले नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के कगिसो रबाडा (23) और दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह (20) हैं।
राजस्थान के लिए गेंदबाजी की जिम्मेदारी तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पर रहेगी। आर्चर ने सीजन में अब तक 17 विकेट लिए हैं। सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकने के मामले में भी आर्चर सबसे आगे हैं। उन्होंने सीजन में अब तक 147 डॉट बॉल फेंकी हैं।
अबु धाबी में मैच के दौरान आसमान साफ रहेगा। तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यहां पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। स्लो विकेट होने के कारण स्पिनर्स को भी काफी मदद मिलेगी। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। इस आईपीएल से पहले यहां हुए पिछले 44 टी-20 में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत का सक्सेस रेट 56.81% रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!