बॉक्सिंग में भारत का मेडल पक्का, हॉकी टीम जीती

टोक्यो (लाइवभारत24)। ओलिंपिक से शुक्रवार को भारत के लिए शानदार खबर आई है। महिला मुक्केबाज लवलिना बोरगोहेन ने 69 किलोग्राम वेट कैटेगरी के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए एक और मेडल पक्का कर दिया है। हालांकि, एक अन्य महिला मुक्केबाज सिमरनजीत कौर 60 किलोग्राम वेट कैटेगरी में हारकर बाहर हो गई हैं। दूसरी ओर तीरंदाज दीपिका कुमारी क्वार्टर फाइनल मुकाबला हारकर मेडल की होड़ से बाहर हो गई हैं।
महिला हॉकी ने आयरलैंड को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद कायम रखी है। शनिवार को भारत का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। इसके बाद तय होगा कि महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचती है या नहीं। लवलिना बोरगोहेन ने क्वार्टर फाइनल में चाइनीज ताइपे की चिन निएन चेन को हराया। तीनों राउंड में लवलिना ने प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज को टिकने नहीं दिया। पहले राउंड में 5 में से 3 जजों ने लवलिना के पक्ष में फैसला सुनाया है। दूसरे राउंड में सभी 5 जजों ने लवलिना को विजेता पाया। तीसरे राउंड में 4 जजों ने लवलिना को बेहतर बताया। इस तरह लवलिना ने 4-1 से मुकाबला जीता। बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचते ही मेडल पक्का हो जाता है। लवलिना का सेमीफाइनल मुकाबला 2019 की वर्ल्ड चैंपियन तुर्की की एना लाइसेंको से होगा। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने इस ओलिंपिक में भारत के लिए पहला मेडल जीता है। उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है।
लवलिना ओलिंपिक में मेडल जीतने वाली भारत की दूसरी भारतीय महिला मुक्केबाज बन गई हैं। उनसे पहले एमसी मेरीकॉम ने 2012 लंदन ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीता था। पुरुष-महिला मिलाकर लवलिना बॉक्सिंग में ओलिंपिक मेडल जीतने वालीं तीसरी भारतीय हैं। पुरुषों में विजेंदर सिंह ने 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज जीता था।
दीपिका कुमारी महिला सिंगल्स तीरंदाजी के क्वार्टर फाइनल में कोरिया की एन सेन से 0-6 से हार कर बाहर हो गईं। सेन ने पहला सेट 30-27, दूसरा 26-24 और तीसरा 26-24 से जीता। तीनों सेट में जीत की बदौलत सेन को 6 पॉइंट मिले। इससे पहले प्री क्वार्टर फाइनल में दीपिका ने रूस की सेनिया पेरोवा को शूटआउट में 6-5 से हराया था।
भारतीय महिला स्प्रिंटर दूती चंद​ 100 मीटर रेस के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकीं। दूती ने हीट में 11.54 सेकंड का समय निकाला और सातवें स्थान पर रहीं। दूती अपने नेशनल रिकॉर्ड (11.17 सेकंड) से काफी पीछे रहीं।

शूटिंग- महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के क्वालिफाइंग मुकाबले से भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और राही सरनोबत बाहर हो गई हैं। भाकर 582 का स्कोर कर 11वें स्थान पर जबकि राही 573 अंक लाकर 32वें स्थान पर रहीं।

एथलेटिक्स-भारत के अविनाश साबले पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज के राउंड हीट 2 में सातवें स्थान पर रहे। हालांकि उन्होंने 8 मिनट 18.12 सेकेंड का समय निकालकर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया।

हॉकी- भारतीय टीम का मुकाबला आज आयरलैंड की टीम से है। जबकि दोपहर 03:00 बजे भारत बनाम जापान, पुरुष पूल-ए मैच होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!