सुशांत सुसाइड केस की जांच करने गये पटना के आईपीएस अफसर को मुंबई में कर दिया क्वारंटाइन

क्वारंटाइन किए जाने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताई नाराजगी 

मुंबई (लाइवभारत24)। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस की जांच में अब महाराष्ट्र और बिहार पुलिस आमने-सामने आ गई हैं। जांच के लिए रविवार को मुंबई पहुंचे पटना के एसपी विनय तिवारी को बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने क्वारंटाइन कर दिया। उनके हाथ पर क्वारंटाइन की मुहर लगाते हुए उन्हें अगले आदेश तक एक घर में रहने को कहा गया है। मतलब साफ है कि वे अब जांच के लिए किसी से मिल नहीं सकेंगे। 2015 बैच के आईपीएस विनय तिवारी बिहार पुलिस के एक तेजतर्रार अफसर माने जाते हैं। फिलहाल, वह पटना में तैनात हैं। उन्हें सुशांत केस की जांच को लीड करने के लिए रविवार को मुंबई भेजा गया था। बीएमसी ने उनके हाथ पर क्वारैंटाइन की मुहर लगा दी। तिवारी को क्वारंटाइन किए जाने को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह अच्छा नहीं हुआ। बिहार पुलिस सिर्फ अपना काम कर रही है। इसे राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने ट्वीट किया, ‘आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिए ऑफिशियल ड्यूटी पर पटना से मुंबई पहुंचे, लेकिन उन्हें रात 11 बजे बीएमसी के अधिकारियों ने जबरन क्वारैंटाइन कर दिया। अनुरोध के बावजूद उनकी आईपीएस मेस में रहने की व्यवस्था नहीं की गई। अब उन्हें गोरेगांव के एक गेस्ट हाउस में रखा गया है। इस पर महाराष्ट्र के डीजीपी से बात करूंगा।’ बीएमसी की ओर से कहा गया कि हमने सरकारी आदेशों का पालन करते हुए और नियम के मुताबिक से तिवारी को क्वारैंटाइन किया। अगर उनमें किसी तरह के कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो आने वाले समय में उनका स्वैब टेस्ट भी करवाया जाएगा। राज्य सरकार ने 25 मई को आदेश जारी किया था। इसमें देश में कहीं से भी विमान यात्रा कर आने वाले लोगों के लिए नियम तय किए गए थे। तिवारी भी बिहार से विमान से मुंबई आए थे। लिहाजा उन पर भी यह नियम लागू होता है। इससे पहले बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने एक निजी चैनल के साथ बात करते हुए कहा कि रिया चक्रवर्ती तीन-चार दिनों से लापता है और उनका फोन भी बंद है। हम चाहते हैं कि रिया सामने आएं और जांच में साथ दें। हम उनसे कुछ सवाल करना चाहते हैं। ऐसा नहीं है कि उनके सामने आते ही हम उन्हें सूली पर लटका देंगे। डीजीपी पांडे ने आगे यह भी कहा कि इमोशनल वीडियो डालने से कुछ नहीं होता। आप अगर सच्चे हैं तो पुलिस से आकर बात करें और सच जानने में उनका साथ दें। उन्होंने रिया चक्रवर्ती से अपील करते हुए कहा कि सुशांत मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। रविवार को मुंबई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए आईपीएस विनय तिवारी ने कहा था कि मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस में पूरा कोआर्डिनेशन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!