दंगाइयों से मंदिर को बचाने के लिए मुस्लिम युवकों ने बनाई ह्यूमन चेन

सोशल मीडिया समेत सभी जगह इन युवकों की हो रही तारीफ

बेंगलुरु(लाइवभारत24)। मंगलवार की रात बेंगलुरु में एक आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट को लेकर डीजे हल्ली और केजी हल्ली इलाकों में जमकर हिंसा हुई। एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसा में 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इनमें एक एडिशनल पुलिस कमिश्नर भी शामिल हैं। डीजे हल्ली इलाके में दंगाईयों से मंदिर को बचाने के लिए मुस्लिम युवकों ने ह्यूमन चेन बनाई। बताया जा रहा है कि जब तक दंगाई वहां से चले नहीं गए, तब तक वे वहीं खड़े रहे। सोशल मीडिया समेत सभी जगह इन युवकों की तारीफ हो रही है। हिंसा शहर के डीजे हल्ली और केजी हल्ली इलाके में हुई। फिलहाल यहां कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, पूरे बेंगलुरु में धारा 144 लगाई गई है। अब तक 110 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ लोग विवादित पोस्ट के मामले में शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। उन्हें आपसी सुलह से विवाद निपटाने की सलाह दी गई। यह बात उन्हें रास नहीं आई और वे नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसके बाद भीड़ ने थाने और विधायक के घर तोड़फोड़ और आगजनी की। आरोप है कि कांग्रेस के विधायक श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे नवीन ने पैंगबर मोहम्मद को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे मुस्लिम समुदाय नाराज हो गया। कमिश्नर कमल कांत ने बताया कि आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्‍मई ने कहा कि हिंसाग्रस्त इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बेंगलुरु में हिंसा पर कर्नाटक के मंत्री सीटी रवि ने कहा कि मुझे लगता है कि यह एक सुनियोजित दंगा था। सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के एक घंटे के भीतर हजारों लोग इकट्ठा हुए और 200-300 वाहनों और विधायक के आवास को नुकसान पहुंचाया। एसडीपीआई इसके पीछे है।
बेंगलुरु शहरी क्षेत्र के उपायुक्‍त जीएन शिवमूर्ति ने डीजे पुलिस स्‍टेशन का दौरा किया। उन्होंने बताया कि हिंसा में डीजे पुलिस स्‍टेशन को बहुत नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने हिंसा के मामले में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के नेता को गिरफ्तार किया गया है। अभी इसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने ट्वीट कर हिंसा की निंदा की है। उन्होंने ने लिखा, ‘मीडिया, पुलिस और लोगों पर हमला करना ठीक नहीं है, ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोग शांति बनाकर रखें।
बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर कमल कांत ने बताया कि हालात नियंत्रण में है। डीजे हल्ली और केजी हल्ली पुलिस स्टेशन में कर्फ्यू लगाया गया और बाकी शहर में धारा 144 लागू की गई। आरएएफ, सीआरपीएफ और सीआईएसएफ की कुछ कंपनियां मदद के लिए बुला ली गई हैं।
हिंसा पर उतारू भीड़ ने कांग्रेस विधायक श्रीनिवास मूर्ति के घर को आग लगा दी और तोड़फोड़ की। बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी गई। विधायक ने लोगों से हिंसा नहीं करने की अपील की। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा, ‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि कुछ उपद्रवियों की गलतियों के चलते हमें हिंसा में शामिल नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस विधायक के भतीजे ने इस मामले में सफाई दी। उसने कहा कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था। उसने किसी भी धर्म को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।

One thought on “दंगाइयों से मंदिर को बचाने के लिए मुस्लिम युवकों ने बनाई ह्यूमन चेन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!