पाकिस्तान से मुंबई में ताज होटल को उड़ाने की धमकी

पाकिस्तान से ताज होटल को उड़ाने के लिए धमकी भरा आया कॉल 

होटल की सुरक्षा और तटीय इलाके में पैट्रोलिंग बढ़ाई गई

मुंबई(लाइवभारत24)। पाकिस्तानी अपने नापाक हरकतों से बाज नही आ रहे। ताजा घटनाक्रम में पाकिस्तान से मुंबई की ताज होटल को उड़ाने के लिए धमकी भरा कॉल आया है। मुंबई पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए होटल की सुरक्षा बढ़ा दी है। दक्षिण मुंबई और तटीय इलाकों में भी पैट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया गया है।
फोन पर व्यक्ति ने कहा, ‘‘कराची स्टॉक एक्सचेंज में हुआ आतंकी हमला सभी ने देखा। अब ताज होटल में 26/11 जैसा हमला एक बार फिर होगा।’’ जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम ने पूरे होटल की जांच की है। होटल के बाहर और गेट वे ऑफ इंडिया के इलाके में स्पेशल फोर्स ‘मुंबई वन’ की टीम तैनात कर दी गई है। यहां आने वाले गेस्ट और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ताज होटल को उड़ाने के लिए दो फोन कॉल किए गए। पहला कॉल ताज होटल में रात करीब 12 बजे और दूसरा बांद्रा के होटल ताज लैंड्स एंड में किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों जगह एक ही नंबर से कॉल किया गया, जो पाकिस्तान का था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सुल्तान बताया। फोन करने वाले व्यक्ति ने होटल के कर्मचारी को अपना वॉट्सऐप नंबर भी दिया है। पुलिस अब कॉलर की डिटेल निकाल रही है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में कुछ आतंकी ताज होटल में भी घुसने में कामयाब हुए थे। यहीं आतंकियों और सुरक्षाबालों के बीच सबसे लंबी मुठभेड़ चली थी। आतंकियों ने कई मेहमानों को बंधक बना लिया था, जिनमें 7 विदेशी नागरिक भी शामिल थे। ताज होटल के हैरिटेज विंग में आग लगा दी गई थी। 27 नवंबर की सुबह एनएसजी के कमांडो आतंकियों का सामना करने पहुंच चुके थे। होटल ताज के ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने में 29 नवंबर की सुबह तक का वक्त लग गया था। करीब 60 घंटे चले इस हमले में मुंबई में 166 से अधिक लोग मारे गए थे और 300 से ज्यादा जख्मी हो गए थे। मरने वालों में 28 विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

One thought on “पाकिस्तान से मुंबई में ताज होटल को उड़ाने की धमकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!