भारत में 62 हजार से ज्यादा 24 घंटे में रिकॉर्ड नए मरीज बढ़े

 

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। भारत में संक्रमितों का आंकड़ा गुरुवार को 20 लाख के पार हो गया। 20 लाख 25 हजार 338 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 62 हजार 99 नए मरीज बढ़े। अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों के आंकड़ों में ये सबसे ज्यादा है। इसके पहले 31 जुलाई को सबसे ज्यादा 57 हजार 486 मरीज बढ़े थे। इसी के साथ अब एक्टिव केस की संख्या भी बढ़कर 6 लाख से अधिक हो गई है। मतलब अब देश में 6 लाख 7 हजार 130 मरीज बचे हैं जिनका इलाज चल रहा है। बाकी 13 लाख 77 हजार 384 लोग ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को 50 हजार 141 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया जबकि 899 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मरने वालों की संख्या अब 41 हजार 638 हो गई है।

उधर, देश में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को देखते हुए सितंबर में प्रस्तावित जेईई (मुख्य) 2020 और नीट-यूजी स्थगित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। यह याचिका 11 राज्यों के 11 छात्रों ने दायर की है। याचिका में कोरोना महामारी का जिक्र करते हुये राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की तीन जुलाई की नोटिस रद्द करने की मांग की गई है।
चिंता की बात है कि पिछले 21 दिनों में 10 लाख नए मामले सामने आए। इसके पहले 1 से 10 लाख मामले होने में 169 दिन लगे थे। गनीमत है कि बीस लाख केस होने की रफ्तार अमेरिका और ब्राजील के मुकाबले धीमी है।
अमेरिका में इतने ही केस होने में 137 दिन और ब्राजील में 143 दिन लगे थे। हालांकि अब भारत में संक्रमितों के मिलने की रफ्तार भी अमेरिका और ब्राजील जैसी हो गई है। यहां हर रोज 50 हजार से ज्यादा मरीज बढ़ रहे हैं। इतने ही मरीज ब्राजील और अमेरिका में भी हर रोज मिलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!