कोरोना इलाज के नकली इंजेक्शन बनाने वाले रैकेट का खुलासा

अहमदाबाद(लाइवभारत24)। कोरोना के इलाज के नकली इंजेक्शन बनाने वाले रैकेट के तार सूरत से अहमदाबाद तक पहुंच गए हैं। मुख्य आरोपी सोहेल इस्माइल से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अहमदाबाद से दो मेडिकल स्टोर संचालकों और बॉडी बिल्डिंग में मिस्टर अहमदाबाद रहे हर्ष ठाकोर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हर्ष के गुजरात भाजपा के कई बड़े नेताओं से संबंध हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए फोटो में वह भाजपा नेताओं के साथ दिख रहा है। अहमदाबाद भाजपा के प्रमुख जगदीश पांचाल ने बताया कि वे हर्ष को नहीं जानते और ना ही वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। पार्टी के किसी नेता से भी उसकी नजदीकियां नहीं है। नेताओं के साथ फोटो खिंचवाना आम बात है, लेकिन यह मतलब नहीं कि फोटो खिंचवाने से कोई पार्टी का सदस्य बन जाता है।

गिरफ्तार बॉली बिल्डिंग चैंपियन हर्ष ठाकोर  व अन्य आरोपी

बीते रविवार को अहमदाबाद-सूरत के फूड एंड ड्रग्स डिपार्टमेंट ने नकली टोसिलिजुमैब इंजेक्शन बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया था। इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी सोहेल के घर से फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, कोडिंग मशीन और नकली टोसिलिजुमैब इंजेक्शन बरामद हुए थे। इनकी कीमत 8 लाख रुपए होने का अनुमान है। टोसिलिजुमैब इंजेक्शन का इस्तेमाल कोरोना के इलाज में किया जा रहा है। इसे दुनिया में सिर्फ स्विटजरलैंड की एक कंपनी बनाती है।
फूड एंड ड्रग्स डिपार्टमेंट के मुताबिक अहमदाबाद के संजीवनी अस्पताल में डॉ. देवांग शाह एक मरीज को टोसिलिजुमैब इंजेक्शन लगा रहे थे। उन्हें इंजेक्शन को लेकर कुछ शक हुआ। जांच की तो इंजेक्शन की डिजाइन, कलर और पैकिंग देखकर इंजेक्शन नकली होने का शक और पुख्ता हो गया। डॉ. शाह ने मरीज के परिजनों से उस मेडिकल स्टोर की जानकारी जुटाई, जहां से इंजेक्शन खरीदा गया था।
इंजेक्शन साबरमती इलाके में स्थित एक मेडिकल स्टोर से खरीदा गया था। फूड एंड ड्रग्स डिपार्टमेंट की कार्रवाई में पता चला कि मेडिकल स्टोर मालिक ने बिना बिल के 80 हजार रुपए के इंजेक्शन सूरत में रहने वाले सोहेल इस्माइल से खरीदे थे। इसके बाद विभाग ने सोहेल के घर पर छापेमारी कर पूरे रैकेट का खुलासा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!