रिया और महेश भट्ट की वॉट्सऐप चैट मीडिया में वायरल

मुंबई(लाइवभारत24)। सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती और फिल्ममेकर महेश भट्ट की एक वॉट्सऐप चैट मीडिया में वायरल हो रही है। चैट सुशांत की मौत से 6 दिन पहले यानी 8 जून की रात 7:43 से 8:08 बजे के बीच की है। यही वो दिन था, जब रिया सुशांत का घर छोड़कर चली गई थीं। चैट के मुताबिक, भट्ट ने रिया को पीछे मुड़कर न देखने की सलाह दी थी। वॉट्सऐप चैट में रिया ने खुद को भट्ट के निर्देशन में बनी उनकी फिल्म ‘जलेबी’ के किरदार आयशा के रूप में मेंशन किया है।

दोनों के बीच की बातचीत इस प्रकार है:-

रिया चक्रवर्ती : भारी दिल और राहत की भावना के साथ आयशा आगे बढ़ गई है सर…हमारा आखिरी कॉल जगाने वाला कॉल था। आप मेरे एंजल हैं। आप तब भी थे और अब भी हैं।
महेश भट्ट: पीछे मुड़कर मत देखना। इसे संभव बनाओ, जो कि जरूरी है। आपके पिता को मेरा प्यार। उन्हें बहुत खुशी होगी।
रिया चक्रवर्ती: कुछ साहस मिला सर और आपने उस दिन फोन पर मेरे पिता के बारे में जो कहा, उसने मुझे स्ट्रॉन्ग होने के लिए प्रेरित किया। हमेशा खास होने के लिए उन्होंने आपको प्यार और शुक्रिया भेजा है।
महेश भट्ट: तुम मेरी बच्ची हो। मैं हल्का महसूस कर रहा हूं।
रिया चक्रवर्ती : आह…शब्द नहीं है सर…दिल भरा हुआ है। लेकिन आपके लिए जो फीलिंग होती है, वह सबसे अच्छी होती है।
महेश भट्ट: बहादुर होने के लिए शुक्रिया।
रिया चक्रवर्ती : किस्मत का शुक्रिया, जो उसने मुझे आपसे मिला दिया। आप सही हैं। हमारे रास्ते इस दिन के लिए ही मिले थे। सिर्फ एक फिल्म के लिए नहीं, बल्कि कुछ बहुत अलग है। आपके कहा एक-एक शब्द मेरे दिमाग में गूंजता है और आपके असीमित प्यार का गहरा प्रभाव महसूस होता है।
महेश भट्ट: हां, हां, हां। अगर मैं काम न आ सका तो मेरे होने का कोई मतलब नहीं है।

रिया चक्रवर्ती : आपने मुझे फिर आजाद कर दिया। भगवान की तरह एक ही जिंदगी में दूसरी बार। (संभवतः पहली बार के तौर पर वे उनकी फिल्म ‘जलेबी’ की बात कर रही हैं)
महेश भट्ट : रेस्ट।
रिया चक्रवर्ती: आह शांति।
महेश भट्ट : हैप्पी बर्थडे। (शायद महेश भट्ट इसे रिया का पुनर्जन्म मान रहे थे।)
रिया चक्रवर्ती : हाहा-हाहा…मैं स्माइल कर रही हूं। आई लव यू माय बेस्ट मैन। आपको प्राउड फील कराऊंगी।
महेश भट्ट : तुमने पहले ही करा दिया। वाकई। तुमने जो किया, उसके लिए गट्स चाहिए। पीछे मत मुड़ना।

महेश भट्ट ने सुशांत से रिश्ता खत्म करने की सलाह दी थी?

रिया ने मुंबई पुलिस और ईडी की पूछताछ में यह दावा किया था कि सुशांत ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा था, क्योंकि उनके पिता उनके रिश्ते से खुश नहीं थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेश भट्ट ने भी उन्हें सुशांत के साथ रिश्ता खत्म करने की सलाह दी थी। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि रिया ने कुछ और लोगों को सुशांत की मानसिक बीमारी के बारे में बताया था।

8 जून को लेकर सुशांत के परिवार और रिया की अलग-अलग कहानी

8 जून को लेकर सुशांत के परिवार और रिया की ओर से अलग-अलग कहानी सामने आ चुकी हैं। सुशांत की बहन मीतू की मानें तो रिया ने उन्हें फोन करके फ्लैट पर बुलाया था और कहा था कि सुशांत से उनका झगड़ा हुआ है। जब मीतू वहां पहुंचीं तो रिया जा चुकी थीं। सुशांत ने भी दोनों के झगड़े के बारे में बताया था। मीतू के मुताबिक, वे सुशांत के साथ 12 जून तक रुकी थीं। लेकिन फिर उन्हें घर लौटना पड़ा था, क्योंकि उनके बच्चे छोटे हैं। रिया की ओर से जो कहानी आई, वह बिल्कुल उलट है। उन्होंने अपने वकील सतीश मानशिंदे के जरिए दावा किया था कि मौत से पहले सुशांत बहुत परेशान थे। वे लगातार रो रहे थे और अपने परिवार को साथ रहने के लिए बुला रहे थे। 8 जून को जब उनकी बड़ी बहन मीतू साथ आकर रहने के लिए तैयार हो गईं तो अभिनेता ने रिया को उनके घर भेज दिया था। जाहिर है कि सीबीआई जांच में दिनो दिन नये खुलासे होंगे।

One thought on “रिया और महेश भट्ट की वॉट्सऐप चैट मीडिया में वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!