मास्को/कीव (लाइवभारत24)। जंग के नौवें दिन रूसी सेना ने जपोजिरिया न्यूक्लियर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। इसके पहले यहां गोलीबारी हुई जिससे प्लांट में आग लग गई थी। रूस के सैनिकों ने प्लांट की एडमिन और कंट्रोल बिल्डिंग पर कब्जा कर लिया। वहीं, चेर्नीहीव में 24 घंटों से रूसी सैनिक हवाई हमले कर रहे हैं। इन हमलों में 33 लोगों की मौत हो गई है।
US प्रेसिडेंट बाइडेन के रूस से बात करने के बाद जपोरिजिया में इमरजेंसी रिस्पॉन्डर्स को अंदर जाने की परमिशन मिली। US के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक प्लांट से रेडिएशन लेवल बढ़ने का कोई संकेत नहीं दिखा है। वे बारीकी से इसकी निगरानी कर रहे हैं।

पुतिन ने कहा- यूक्रेन विदेशियों को ह्यूमन शिल्ड की तरह इस्तेमाल कर रहा है। यूक्रेन की ‘निओ-नाजी’ यूनिट्स ​​विदेशियों को युद्ध क्षेत्र छोड़ने से रोक रही है। रूस की सेना ने खेर्सोन में टीवी टावर पर कब्जा कर लिया है। रूसी हवाई हमले से ओख़्तिरकास का पावर प्लांट तबाह हो गया। अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या की मांग की है।
गूगल और ट्रिप एडवाइजर ने बेलारूस, रूस और यूक्रेन में नक्शे, रेस्तरां, होटलों का रिव्यू कर रही वॉर न्यूज को ब्लॉक कर दिया है।
ब्रिटिश पीएम जॉनसन ने जपोरिजिया पर हमले के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर पूरे यूरोप को खतरे में डालने का आरोप लगाया है। युद्ध के बीच यूएन ने अनुमान जताया है कि रूसी हमले की वजह से 10 लाख यूक्रेनियों को वतन छोड़कर दूसरे देशों में शरण लेनी पड़ी है।
UN के प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन में हमले से 209 नागरिकों की जान गई है, 1500 से ज्यादा नागरिक घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन से अपील की है कि युद्ध तुरंत रोककर सैनिकों को वापस जाने का आदेश दें। मॉस्को स्टॉक एक्सचेंज आज यानी शुक्रवार को बंद रहेगा।
इस बीच पौलेंड में भारतीयों को लेने गए रिटायर जनरल वीके सिंह ने जानकारी दी कि कीव में एक और भारतीय छात्र को गोली लगी है, जिसका इलाज चल रहा है।
जपोरिजिया प्लांट में ब्लास्ट से खतरा क्यों
यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने शुक्रवार सुबह बताया था कि रूसी सेना यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट जपोरिजिया पर रूस ने चारों तरफ से गोलीबारी की। प्लांट में आग पहले ही भड़क चुकी है। अगर इसमें ब्लास्ट होता है, तो यह चेर्नोबिल से 10 गुना बड़ा होगा। इस प्लांट में 6 न्यूक्लियर रिएक्टर हैं। कुछ समय पहले पावर प्लांट की साइट के पास रेडिएशन के हाई लेवल का पता चला था। यह प्लांट यूक्रेन के इलेक्ट्रिसिटी प्रोडक्शन लगभग 25% बनाता है।
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) ने ट्वीट में बताया कि- IAEA यूक्रेनी अधिकारियों के संपर्क में है और जपोरिजिया न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हो रही गोलाबारी से वाकिफ है। IAEA के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने यूक्रेन के प्रधान मंत्री डेनिस श्मायगल और यूक्रेनी न्यूक्लियर रेग्युलेटर और ऑपरेटर के साथ बात की। उन्होंने फोर्सेस को रोकने की अपील की है। उन्होंने रिएक्टरों के ब्लास्ट से गंभीर खतरे की चेतावनी दी है।
यूक्रेन सरकार ने युद्ध से पहले 18-60 वर्ष तक के लोगों के देश छोड़ने पर रोक लगा दी थी। सरकार युद्ध लड़ने के लिए नागरिकों को हथियार भी दे रही है।
दोनों देशों के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर की बातचीत में ह्यूमैनिटेरिअन कॉरिडोर के निर्माण पर सहमति बनी है। इस कॉरिडोर के तहत युद्ध क्षेत्र के लोगों के बीच भोजन और दवा पहुंचाने का काम किया जाएगा। वार्ता के बाद यूक्रेन ने कहा कि इस बातचीत से संतुष्ट नहीं है, जल्द ही तीसरे दौर की बैठक बुलाई जाएगी।​​​

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें