नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया से पूछताछ

50 सवाल होंगे, तबीयत बिगड़ी तो घर जा सकेंगी; प्रदर्शन कर रहे गहलोत-पायलट हिरासत में
नई दिल्ली।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में आज ED की पूछताछ शुरू हो गई है। ED ने इसके लिए 50 सवालों की लिस्ट तैयार की है। कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही इस पेशी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में अकबर रोड से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कांग्रेस नेता ईडी के खिलाफ मार्च निकालने का प्रयास कर रहे थे, जहां से उन्हें हिरासत में लेकर बसों से थाने ले जाया जा रहा है।
हिरासत में लिए जाने के बाद सचिन पायलट ने कहा- ‘सभी सवालों का जवाब देने के लिए हम तैयार हैं। लोकतंत्र में एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है। उसके जवाब में हम अहिंसक तरीके से विरोध कर रहे हैं ये हमारा अधिकार है। हमारे अधिकार को छीना जा रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का काम हो रहा है। ED अधिकारियों ने बताया है कि अगर पूछताछ के दौरान सोनिया गांधी की तबीयत खराब होती है तो उन्हें वापस जाने दिया जाएगा। उनके लिए एक मेडिकल ऑफिसर को दूसरे कमरे में बैठाया गया है। वहां प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। सोनिया के वकील पूछताछ के दौरान मौजूद नहीं रहेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सरकार को अपने व्यवहार पर शर्म आनी चाहिए। ED घर जाकर भी सोनिया गांधी का बयान ले सकती थी, जैसा पहले भी होता आया है। लेकिन सरकार के कानून विपक्ष के लिए बदल जाते हैं। विपक्ष ने कहा- सरकार जानबूझकर पार्टियों के बड़े नेताओं को निशाना बना रही है। मोदी सरकार जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। विपक्ष सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई में तेजी लाएगा। पहले भी ED सोनिया गांधी को समन भेज चुकी है, लेकिन खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सोनिया ने ED से समय मांगा था। सोनिया गांधी इससे पहले ED की नोटिस पर 8 जून, 11 जून और 23 जून को नहीं पहुंची थी। कांग्रेस ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पूछताछ के समय को टालने की मांग की थी। ED सूत्रों की मानें तो एजेंसी ने सोनिया गांधी से पूछताछ के लिए दो असिस्टेंट डायरेक्टर और एक महिला असिस्टेंट डायरेक्टर की ड्यूटी लगाई है। सोनिया से ED ने पूछताछ के लिए 50 से अधिक सवाल तैयार किए हैं। राहुल गांधी से पूछताछ में सामने आई बातों को भी ED ने अपने सवाल में शामिल किए हैं। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ED के अधिकारी सोनिया गांधी को अपने साथ वकील को लाने की अनुमति देंगे या नहीं। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ED 5 बार पूछताछ कर चुकी है। उनसे करीब 40 घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। अब सोनिया गांधी पेश होंगी। ऐसा पहली बार हो रहा है कि जब कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को जांच में शामिल होने के लिए पेश होना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!