स्पाइसजेट के प्लेन का टायर फटा:दिल्ली से आई फ्लाइट की मुंबई में इमरजेंसी लैंडिंग, कैप्टन को भी खराबी का पता नहीं चला

नई दिल्ली। मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार को लैंडिंग के समय स्पाइसजेट बोइंग 737-800 के विमान का टायर फट गया। इसके बाद दिल्ली से आ रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। खास बात यह थी कि विमान के कैप्टन को भी प्लेन के लैंडिंग गियर में खराबी का पता नहीं चला। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।

दिल्ली से मुंबई के लिए स्पाइसजेट की उड़ान SG-8701 सुबह 7:30 बजे रवाना हुई थी। तकरीबन 9 बजे यह फ्लाइट मुंबई पहुंची थी। स्पाइसजेट का बोइंग 737-800 विमान मुंबई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे नंबर 27 पर उतर ही रहा था, उसी दौरान विमान का टायर फट गया। जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर अलर्ट घोषित किया गया। इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को कुछ देर के लिए निरीक्षण के लिए बंद करना पड़ा। इसके चलते दो फ्लाइट की लैंडिंग में देरी हुई विमान के कप्तान का कहना है कि लैंडिंग के दौरान फ्लाइट में सब कुछ सामान्य था। उन्हें फ्लाइट में कुछ भी खराबी महसूस नहीं हुई। विमान की लैंडिंग के समय किसी भी यात्री को नुकसान नहीं हुआ। सभी लोग सुरक्षित हैं।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस मामले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि विमान रनवे 27 पर सुरक्षित रूप से उतरा। जांच में पता चला कि विमान का एक टायर खराब था। हालांकि लैंडिंग के दौरान टायर में आग लगने या धुआं उठने की जानकारी नहीं मिली है।
2 जुलाई को स्पाइसजेट के जबलपुर जाने वाले विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा। दरअसल, उड़ान भरने के बाद चालक दल के सदस्यों ने केबिन से धुआं उठते देखा था। उस दौरान विमान पांच हजार फीट की ऊंचाई पर था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!