यूपी बोर्ड: रिजल्ट से असंतुष्ट छात्र 22 जुलाई तक स्क्रूटनी के लिए कर सकते हैं आवेदन

1जुलाई से बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे मार्कशीट

लखनऊ(लाइवभारत24)। यूपी बोर्ड के 10वीं- 12वीं परीक्षा के जारी परिणामों में इस साल राज्य में 10वीं के 23 लाख 982 यानी कुल 83.3 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए हैं। जबकि 12वीं में 74.63 फीसदी यानी कुल 18 लाख 54 हजार 99 स्टूडेंट्स ने सफला हासिल की। परीक्षा परिणामों के बाद अब अपने नतीजों से असंतुष्ट स्टूडेंट 22 जुलाई तक स्क्रूटनी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस बारे में सचिव नीना श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि स्क्रूटनी संबंधी सभी जानकारियां यूपी बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपडेट की गई हैं। ऐसे में जो स्टूडेंट्स किसी विषय की स्क्रूटनी कराना चाहते हैं, वे विषय के मुताबिक फीस चालान के जरिए राजकीय कोषागार में शुल्क जमा कर सकेंगे। यूपी बोर्ड स्क्रूटिनी फॉर्म 2020 भरने की अंतिम तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गयी है। परीक्षार्थियों को स्क्रूटनी के लिए प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए 500 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। हालांकि, प्रैक्टिकल सब्जेक्ट में लिखित परीक्षा और प्रैक्टिकल दोनों के लिए अलग- अलग शुल्क देना होगा।
इससे पहले बोर्ड की तरफ से यह भी जानकारी दी गई थी कि छात्र अपनी मार्कशीट को एक जुलाई से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल यूपी बोर्ड की परीक्षा में कुल 51,30,481 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें दसवीं कक्षा में 27,44,976 परीक्षार्थी और बारहवीं कक्षा में 23,85, 505 परीक्षार्थी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!