PM मोदी से मिलने पहुंचे योगी आदित्यनाथ, सरकार के कामकाज की रिपोर्ट सौंपेंगे 

लखनऊ(लाइवभारत24)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने 7 कल्याण मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंच गए हैं। बताया जाता है कि इस मुलाकात के दौरान योगी अपने चार साल के कामकाज की रिपोर्ट प्रधानमंत्री को देंगे। इसके अलावा यूपी में कैबिनेट विस्तार और अगले साल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी मंथन हो सकता है। इससे पहले गुरुवार को योगी ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।
हाल ही में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए जितिन प्रसाद को योगी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। इसके अलावा MLC और पीएम मोदी के करीबी एके शर्मा को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। बताया जाता है कि पीएम मोदी दोनों नेताओं के बारे में योगी से चर्चा कर सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम करीब चार बजे दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। वहीं, दूसरी ओर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बताया जाता है कि योगी से मिलने से पहले नड्‌डा और पीएम मोदी ने यूपी को लेकर करीब दो घंटे तक बातचीत की। इसमें संगठन, सरकार और कैबिनेट प्रस्ताव को लेकर चर्चाएं हुईं। देर रात हाल ही में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने यूपी भवन में योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई।
गुरुवार को ही अमित शाह से अपना दल (एस) की अध्यक्ष व सांसद अनुप्रिया पटेल ने मीटिंग की। अनुप्रिया ने शाह के सामने मोदी कैबिनेट में शामिल होने को लेकर प्रस्ताव दिया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में अपने पति आशीष पटेल को शामिल करने की शर्त भी रखी। अपना दल एस के कुछ अन्य नेताओं को यूपी के अलग-अलग आयोग और निगमों में सदस्य बनाने को भी कहा। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के प्रत्याशियों को लेकर भी लंबी बातचीत हुई।
कोरोना महामारी के सेकेंड वेव में कैसे हालात रहे और सरकार ने कैसे कम समय में इन हालात पर काबू पाया?
थर्ड वेव के लिए यूपी में कैसी तैयारी है? कैसे हेल्थ सेक्टर में काम किया है?
बच्चों को लेकर सरकार ने अस्पतालों में क्या व्यवस्था की है?
पोस्ट कोविड के लिए सरकार की रणनीति और तैयारियों की रिपोर्ट पेश करेंगे CM योगी।
वैक्सीनेशन ड्राइव को लेकर भी जानकारी देंगे।
UP में 2022 में विधानसभा चुनाव है, उससे पहले राज्य को कोरोना फ्री करने की बड़ी चुनौती सरकार के सामने है। इसको लेकर भी प्रधानमंत्री से चर्चा संभव है।
जल्द हो सकता है कैबिनेट का विस्तार
CM योगी के दिल्ली पहुंचते ही एक बार फिर से UP में कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जाता है कि योगी के UP आने के बाद इसका ऐलान हो सकता है। सरकार में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों को संगठन में भी जिम्मेदारी दी जाएगी। तमाम निगम, आयोग और बोर्ड के पद भी भरे जाने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!