नई दिल्ली (लाइवभारत24)। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक 56 लाख 36 हजार से ज्यादा फ्रंट लाइन वर्कर्स और हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 28 लोग ऐसे थे, जिन्हें वैक्सीनेशन के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंत्रालय के अनुसार, इन 28 लोगों में अब तक 19 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि 9 ऐसे लोग भी रहे जिनकी जान चली गई। हालांकि, मंत्रालय का कहना है कि ये मौतें वैक्सीन के चलते नहीं हुई हैं, बल्कि सभी मौत के अलग-अलग कारण हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, 13 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे हैं जहां के 60% से ज्यादा हेल्थकेयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा बिहार में 76.6% और मध्य प्रदेश में 76.1% वैक्सीनेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा त्रिपुरा, उत्तराखंड, मिजोरम, उत्तर प्रदेश, केरल, ओडिशा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार और छत्तीसगढ़ में 60% हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। राजधानी दिल्ली, पंजाब समेत 12 राज्य ऐसे हैं जहां, 40% से भी कम वैक्सीनेशन का काम हुआ है।
देश में कोरोना केस के साथ अब संक्रमण से होने वाली मौतों में भी तेजी से गिरावट देखी गई है। शनिवार को लगातार दूसरे दिन 100 से कम लोगों की जान गई। शुक्रवार को देश में 95 मरीजों की मौत हुई थी। शनिवार को यह घटकर 71 हो गई। इसके पहले 1 फरवरी को 94 मौतें दर्ज की गई थीं। संक्रमण के चलते अब तक देश में 1 लाख 55 हजार 28 लोग जान गंवा चुके हैं।
शनिवार को देश में 11 हजार 924 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 11 हजार 596 लोग रिकवर हुए और 71 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 8 लाख 27 हजार 170 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 5 लाख 21 हजार 409 मरीज ऐसे हैं जो रिकवर हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 46 हजार 196 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) प्रशासन के मुताबिक, विश्वविद्यालय परिसर 22 फरवरी से खुल जाएगा। इसके पहले 17 फरवरी से छात्रों के लिए हॉस्टल खोल दिए जाएंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि वैक्सीनेशन का तीसरा फेज मार्च में शुरू हो जाएगा। उन्होंने लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। बताया कि तीसरे फेज की वैक्सीनेशन प्रक्रिया मार्च के किसी भी हफ्ते में शुरू हो सकती है। इसमें 50 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। 50 साल से कम उम्र के हाई रिस्क वाले लोगों को भी प्रायोरिटी मिलेगी। देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 20 करोड़ के पार हो गया है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में कोरोना की 7 और वैक्सीन पर काम चल रहा है। इनमें 3 वैक्सीन ऐसी हैं जिनका क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो गया है। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि दुनिया के 22 देशों से वैक्सीन की डिमांड आई है। इनमें अफगानिस्तान, अल्जीरिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्राजील, इजिप्ट, कुवैत, मॉरीशस, मालदीव, मंगोलिया, सउदी अरब, म्यांमार, नेपाल, ओमान, मोरोक्को, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और UAE जैसे देश हैं। इनमें 15 से ज्यादा देशों को 2 फरवरी तक ग्रांट के तौर पर 56 लाख डोज दी गई है, जबकि कॉन्ट्रैक्ट के तौर पर 105 लाख डोज दी जा रही है।
केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के लिए कहा है। केंद्र ने कहा है कि सभी हेल्थकेयर वर्कर्स को 20 फरवरी तक कम से कम वैक्सीन की एक डोज दे दी जाए।
देश की राजधानी में शनिवार को 123 नए मरीज मिले। 151 लोग रिकवर हुए और 2 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 35 हजार 916 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 23 हजार 865 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 873 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1206 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें