बिहार में 6 बजे तक 53.54% वोटिंग

पटना (लाइवभारत24)। पहले चरण में बिहार में आज 71 सीटों पर वोटिंग खत्म हो चुकी है। शाम 6 बजे तक करीब 53.54% मतदान हुआ। फाइनल आंकड़े रात तक आएंगे। इन 71 सीटों पर 2015 विधानसभा चुनाव में 55.11% वोट पड़े थे। लोकसभा चुनाव में इन सीटों पर 53.54% वोट डाले गए थे। 2010 के विधानसभा चुनाव में इन पर 50.67% वोटिंग हुई थी यानी इस बार वोटिंग 2015 के मुकाबले करीब 2% कम और 2010 के मुकाबले करीब 3% ज्यादा है।
वोटिंग के दौरान भोजपुर में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सहजौली गांव में बूथ कैप्चरिंग को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में खूनी झड़प हुई। इसमें 6 लोग घायल हुए हैं और एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, लखीसराय के बालगुदर और भोजपुर के तरारी में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। यहां के वोटर अपने इलाके में सड़क और स्कूल नहीं बनने से नाराज हैं।
राहुल गांधी के ट्वीट को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग (EC) में शिकायत की है।
कई बूथों पर गड़बड़ियां देखने को मिल रही हैं। गया के वजीरगंज विधानसभा क्षेत्र में एक वोटर के हाथ पर लगाई गई स्याही ही मिट गई। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सटे बूथ पर पंकज नाम के वोटर वोट देकर जैसे ही बाहर निकले उनकी उंगली पर लगे निशान को लेकर सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि उंगली पर निशान तो लगाया था, पर वह कुछ ही सेकंड के अंदर मिट गया। यह कौन सा निशान है, जो मिट जाता है।
मतदान शुरू होने से पहले औरंगाबाद के बालूगंज में दो IED मिले। CRPF ने सर्च अभियान के दौरान मिले इस IED को डिफ्यूज कर दिया। यह इलाका नक्सल प्रभावित हैं। इससे पहले मंगलवार को गया के इमामगंज में दो IED मिले थे। CRPF ने इसे भी डिफ्यूज कर दिया था।
आरा की शाहपुर विधानसभा के बिहीयां गांव के बूथ-286, मुंगेर विधानसभा 165 के बूथ-231, नौवागढ़ी महादेवपुर सरकारी बंगले पर EVM खराब होने से फिलहाल मतदान बाधित है। मुंगेर के नौवागढ़ी में EVM में राजद प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने बटन नदारद मिला।
नवादा जिले के हिसुआ विधानसभा क्षेत्र के फुलमा गांव के बूथ-258 पर भाजपा के पोलिंग एजेंट कृष्ण प्रसाद सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्हें अचानक सीने दर्द हुआ। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त उन्होंने दम तोड़ दिया।
गया शहरी विधानसभा क्षेत्र के स्वराजपुरी रोड स्थित बूथ पर महिलाओं ने हंगामा किया। उनका आरोप था कि भाजपा को वोट देने के लिए कुछ लोग दबाव बना रहे थे। इसके बाद महिलाएं लोग वहां मौजूद मतदानकर्मियों से उलझ पड़ीं। गया शहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता और राज्य के कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार प्रत्याशी हैं। कांग्रेस से अखौरी ओंकार नाथ यहां मैदान में हैं।
पटना जिले के पालीगंज और नवादा के हसनगंज में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। ये लोग अपने इलाके की सड़क की समस्या को लेकर नाराज थे। वहीं, नवादा जिले के हसनगंज के बूथ-255 और 256 पर ग्रामीणों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। 2 घंटे तक यहां एक भी वोट नहीं पड़ा।
काराकाट विधानसभा के सूर्यनाथ उच्च विद्यालय ओसांव रोहतास में खुले में ग्ल्व्स फेंके जा रहा है। पूछने पर पता चला कि यहां डस्टबिन नहीं दिया गया। शाहपुर के मतदान केंद्र पर न तो थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है और न वोटर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं।
कृषि मंत्री और भाजपा नेता प्रेम कुमार पर केस दर्ज होगा। चुनाव आयोग ने गया डीएम को केस दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रेम कुमार पार्टी चिह्न (कमल) का मास्क लगाकर वोटिंग करने पहुंचे थे। यह आचार संहिता के उल्लंघन है।
राजद उम्मीदवार सरोज यादव ने अपने ऊपर आरा के बूथ संख्या 115 पर हमला होने का दावा किया। उनका कहना है कि उन्होंने किसी तरह भागकर उन्होंने जान बचाई। हालांकि, प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि सरोज का पहले लोगों ने विरोध किया। इसके बाद भीड़ से कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। सरोज यादव भोजपुर के बड़हरा से विधायक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!