रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मुंबई ने 5 विकेट से हराया: मुंबई इंडियंस की प्ले-ऑफ में जगह पक्की

अबु धाबी(लाइवभारत24)। आईपीएल2020 के 48वें मैच में मुंबई इंडियंस  ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 5 विकेट से हरा दिया। सीजन में 8वीं जीत के साथ मुंबई पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बरकरार है। वहीं, 16 पॉइंट्स के साथ उसने प्ले-ऑफ में अपनी जगह भी पक्की कर ली है। अबु धाबी में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने मुंबई को 165 रन का टारगेट दिया था। जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 79 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, बेंगलुरु के मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल को 2-2 विकेट मिले।
मुंबई के ओपनर क्विंटन डिकॉक और ईशान किशन ने संभलकर खेलते हुए पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। डिकॉक 18 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की बॉल पर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और किशन पावर-प्ले में टीम के स्कोर को 45 रन तक ले गए। किशन 25 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की बॉल पर आउट हुए।
रोहित शर्मा की जगह टीम में खेल रहे सौरभ तिवारी कुछ खास नहीं कर सके और 8 बॉल पर 5 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद क्रुणाल पंड्या को बैटिंग ऑर्डर में प्रमोट किया गया, लेकिन वह सिर्फ 10 रन ही बना सके।
अच्छी शुरुआत को बेंगलुरु बड़े स्कोर में नहीं बदल सकी और 6 विकेट पर 164 रन ही बना पाई। देवदत्त पडिक्कल ने सीजन की चौथी फिफ्टी लगाते हुए 74 रन बनाए। गुरकीरत सिंह 14 और वॉशिंगटन सुंदर 10 बनाकर नॉट आउट रहे। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने IPL में अपने 100 विकेट पूरे किए। उन्होंने 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा कीरोन पोलार्ड, ट्रेंट बोल्ट और राहुल चाहर को 1-1 विकेट मिला।
देवदत्त पडिक्कल और जोश फिलिप ने बेंगलुरु को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावर-प्ले में टीम को 50 रन के पार पहुंचाया। दोनों के बीच 71 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप भी हुई। इस साझेदारी को राहुल चाहर ने तोड़ा। उन्होंने फिलिप (33) को विकेट कीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों स्टम्प कराया।
कप्तान विराट कोहली और एबी डिविलियर्स इस मैच में नहीं चले। कोहली ने सिर्फ 9 रन बनाए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने आउट किया। इसके बाद डिविलियर्स ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन 15 रन बनाकर कीरोन पोलार्ड की बॉल पर राहुल चाहर को कैच दे बैठे।
बुमराह इस मैच में कोहली का विकेट लेते ही IPL में 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। ऐसा करने वाले वे 16वें गेंदबाज हैं। उन्होंने लीग में 89 मैच में 102 विकेट लिए हैं। लीग में सबसे ज्यादा विकेट मुंबई इंडियंस के ही लासिथ मलिंगा के नाम है, जिन्होंने 122 मैच में 170 विकेट लिए हैं। बुमराह के ओवरऑल टी-20 में भी 200 विकेट पूरे हो गए हैं।
बेंगलुरु की टीम में 3 बदलाव किए गए। चोटिल नवदीप सैनी की जगह शिवम दुबे को मौका दिया गया। ओपनर एरॉन फिंच की जगह जोश फिलिप और मोइन अली की जगह डेल स्टेन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई। वहीं, मुंबई की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!