श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में श्री राम दरबार विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मुख्यमंत्री योगी ने उतारी आरती

अयोध्या (LiveBharat24)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। गुरुवार को गंगा दशहरा पर्व पर मुख्यमंत्री योगी ने देव विग्रहों की अभिजीत मुहूर्त में पूर्वाह्न 11:25 से 11:40 बजे के बीच पूजन के बाद आरती उतारी। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महामंत्री चंपत राय, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्र उपस्थित रहे।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रथम तल पर श्रीराम दरबार सहित अष्ट देवालयों में देव विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान समारोह यज्ञशाला और परिसर के देवालयों में चल रहा है। मुख्य मंदिर के प्रथम तल पर श्रीराम दरबार के गर्भगृह में भगवान राम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमानजी के विग्रहों और परिसर के सभी नवनिर्मित देवालयों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गंगा दशहरा के पावन दिन अभिजित मुहूर्त में सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा हुई।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र संवाद केन्द्र ने बताया कि त्रिदिवसीय समारोह के अंतिम दिन आज प्रातः साढ़े छह बजे से आह्वानित देवताओं का यज्ञमंडप में पूजन प्रारम्भ हुआ जो दो घंटे तक चला। इसके पश्चात नौ बजे से हवन शुरू हुआ जो घंटेभर चला। बाद में केंद्रीयकृत व्यवस्था के अंतर्गत एक साथ सभी देवालयों में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान प्रारम्भ हुआ। सभी मन्दिरों को दृश्य माध्यम (कैमरा एवं स्क्रीन) से एक साथ जोड़ा गया था। श्रीराम दरबार और शेषावतार के साथ जिन मन्दिरों में प्राण प्रतिष्ठा हुई वे हैं परकोटा के ईशान कोण पर स्थित शिव मंदिर, अग्निकोण में गणेशजी, दक्षिणी भुजा के मध्य में हनुमानजी, नैऋत्य कोण में सूर्य, वायव्य कोण में मां भगवती के साथ परकोटा की उत्तरी भुजा के मध्य में अन्नपूर्णा माता प्रतिष्ठित हुईं।

One thought on “श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में श्री राम दरबार विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मुख्यमंत्री योगी ने उतारी आरती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!