Bangkok में  उत्तर प्रदेश प्रदर्शित करेगा बौद्ध विरासत, ब्रांड UP को मिलेगा वैश्विक मंच

लखनऊ (LiveBharat24 )। बौद्ध बहुल देश थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में आगामी 26 से 28 अगस्त, 2025 तक आयोजित होने जा रहे प्रशांत एशिया ट्रैवल एसोसिएशन (PATA) के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भाग लेगा। इस दौरान राज्य की समृद्ध बौद्ध विरासत, आध्यात्मिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और पर्यटन विविधता को विश्व समुदाय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।इस संबंध में जानकारी देते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस मेले में उत्तर प्रदेश का फोकस बौद्ध सर्किट को वैश्विक मंच पर स्थापित करने पर रहेगा। स्टॉल पर सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती जैसे उन स्थलों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा जो सीधे तौर पर भगवान बुद्ध के जीवन और उनके उपदेशों से जुड़े हैं। मंत्री ने बताया कि स्टॉल पर सभी डिस्प्ले और साइनबोर्ड अंग्रेजी और स्थानीय थाई भाषा में होंगे, ताकि वहां के बौद्ध अनुयायियों से बेहतर जुड़ाव स्थापित किया जा सके।जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश बौद्ध धर्म का उद्गम स्थल है और थाईलैंड में बड़ी संख्या में लोग इस धर्म को मानते हैं, ऐसे में यह सहभागिता राज्य के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि PATA जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उत्तर प्रदेश की भागीदारी ‘ब्रांड यूपी’ को विश्व पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में सार्थक कदम है।पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन पवेलियन में राज्य की सांस्कृतिक, भौगोलिक और ऐतिहासिक विरासत को समग्र रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अंतर्गत पर्यटन विभाग की ओर से विशेष प्रचार अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें रोड-शो, पोस्टर, ब्रोशर, प्रचार वाहन, टीवी और रेडियो पर 30 सेकेंड की शॉर्ट फिल्में, रेडियो जिंगल्स और डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत और पर्यटन स्थलों के प्रति न सिर्फ विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा, बल्कि राज्य में पर्यटन से जुड़े निवेश की संभावनाओं को भी बल मिलेगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना और इसके जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!