— देश के 4 राज्यों में एक दिन में सबसे ज्यादा केस मिलने का नया रिकॉर्ड
— केंद्र सरकार ने रेमडेसिविर इंजेक्शन के निर्यात पर लगाई रोक

नई दिल्ली(लाइव भारत 24)। देश में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। रविवार को कोरोना ने मरीजों की संख्या के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। देश के चार राज्यों में एक दिन में सबसे ज्यादा नए केस मिले। इनमें महाराष्ट्र, दिल्ली, यूपी और मध्यप्रदेश शामिल हैं। महाराष्ट्र में पहली बार यह संख्या 63 हजार के पार चली गई। यहां 63,294 संक्रमित मिले। प्रदेश में 349 मौतें हुई हैं।

वहीं, दिल्ली और यूपी में भी हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यहां हर दिन के साथ नए केस मिलने का रिकॉर्ड बन रहा है। रविवार को दिल्ली में 10,774 केस मिले। 48 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में 15,353 नए मामले सामने आए हैं। 67 मरीजों ने दम तोड़ दिया। मध्यप्रदेश में 5,939 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा कर्नाटक में 10,250, केरल में 6,986 और तमिलनाडु में 6,618 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

इस बीच, कोरोना मरीजों को दिए जाने वाले इंजेक्शन रेमडेसिविर के निर्यात पर केंद्र सरकार ने रोक लगा दी है। इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली चीजों का भी निर्यात नहीं हो सकेगा। संक्रमण के मामले अचानक बढ़ने से देश भर में इस इंजेक्शन की शॉर्टेज हो गई है। आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने की संभावना को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।

रेमडेसिविर इंजेक्शन फेफड़ों में संक्रमण रोकने में मददगार होता है। कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज में इसकी जरूरत है। रेमडेसिविर इंजेक्शन फेफड़ों में संक्रमण रोकने में मददगार होता है। कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज में इसकी जरूरत है। यह इंजेक्शन बनाने वाली सभी घरेलू कंपनियों को अपनी वेबसाइट पर स्टॉकिस्ट और डिस्ट्रीब्यूटर्स के नाम डिस्प्ले करने की सलाह दी गई है। ड्रग्स इंस्पेक्टर और दूसरे अधिकारियों को स्टॉक का वैरिफिकेशन करने और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के निर्देश दिए गए हैं। डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्युटिकल्स कंपनियों के साथ संपर्क में है, ताकि रेमडेसिविर के प्रोडक्शन को बढ़ाया जा सके।

देश में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी
महाराष्ट्र में वैक्सीन के एक करोड़ डोज लगे कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र देश का पहला राज्य हो गया है, जहां वैक्सीन के एक करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। महाराष्ट्र के हेल्थ सेक्रेटरी प्रदीप व्यास ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 38 हजार से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। यहां 16 जनवरी से वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत हुई थी।

इसी तरह भारत में अब तक 10 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। दूसरे देशों के मुकाबले भारत को ऐसा करने में सिर्फ 85 दिन लगे। इतने वक्त में अमेरिका में 9.2 करोड़ और चीन में 6.14 करोड़ टीके लगे थे। हेल्थ मिनिस्ट्री ने यह जानकारी दी। हालांकि कुल वैक्सीनेशन के लिहाज से देखा जाए तो अमेरिका और चीन भारत से काफी आगे हैं। पूरे देश में अब तक कुल 10.12 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की मिली-जुली कोशिशों के कारण भारत में डेथ रेट दुनिया में सबसे कम (1.28%) है।

केजरीवाल बोले- लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते
दिल्ली बिगड़ते हालात के मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पिछले 10-15 दिनों में कोरोना बहुत तेजी से बढ़ा है, यहां कोरोना की चौथी वेव है। पिछले 24 घंटे में 10,732 केस आए हैं, स्थिति बहुत चिंताजनक है। ​हम लॉकडाउन नहीं लगाना चाहते हैं, लेकिन शनिवार को सरकार ने मजबूरी में कुछ पाबंदियों के आदेश दिए हैं। इस वक्त का पीक नवंबर से भी खतरनाक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना के 65% मरीज 35 साल से कम उम्र के हैं, फिर कोरोना रुकेगा कैसे? कोरोना का चक्र तब ही टूटेगा, जब वैक्सीनेशन होगा। केंद्र सरकार ने बहुत पाबंदियां लगा रखी हैं, मेरा केंद्र से निवेदन है कि वो पाबंदियां हटा दें।

दिल्ली में लगाई गईं नई पाबंदियां

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर नई पाबंदियों का ऐलान किया गया है। यह 30 अप्रैल तक लागू रहेंगी। दिल्ली में अब अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 और शादी समारोह में 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।
रेस्टोरेंट और बार भी अब अपनी सीटिंग कैपेसिटी की 50% क्षमता के साथ काम करेंगे। मेट्रो में भी एक कोच में सीटिंग कैपेसिटी के 50% ही लोग यात्रा कर सकेंगे। बसों में भी एक समय में 50% क्षमता के साथ ही यात्री यात्रा कर सकेंगे। सिनेमा, थिएटर और मल्टीप्लेक्स भी 50% क्षमता के साथ ही चलेंगे।
फ्लाइट के जरिए महाराष्ट्र से दिल्ली आने वाले सभी यात्रियों को यात्रा से करीब 72 घंटे पुरानी RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। साथ ही जो लोग महाराष्ट्र से बिना निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट के आएंगे, उन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा।
1.52 लाख मरीज मिले 24 घंटे में
कोरोना की दूसरी लहर दिन-ब-दिन खतरनाक होती जा रही है। देश में शनिवार को एक लाख 52 हजार 565 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई है। पिछले 24 घंटे में 90,328 लोग ठीक भी हुए और 838 लोगों की मौत हुई। मौत के मामले में इस साल दूसरी बार एक दिन में 800 या इससे ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। इससे पहले 8 अप्रैल को 802 लोगों की मौत हुई थी।

लग गई राजनीतिक-सामाजिक आयोजनों पर रोक
दिल्ली में सभी तरह के सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, अकादमी, सांस्कृतिक, धार्मिक और त्योहार संबंधी जमावड़ों पर रोक लगा दी गई है। सभी स्विमिंग पूल भी बंद कर दिए गए हैं। इस दौरान सिर्फ वही स्विमिंग पूल खुले रहेंगे, जहां खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं। स्टेडियम में स्पोर्ट्स इवेंट आयोजित करने की इजाजत होगी, लेकिन दर्शक नहीं जा सकेंगे।

1.33 करोड़ लोग अब तक हो चुके हैं संक्रमित
देश में अब तक 1 करोड़ 33 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख 78 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 69 हजार 305 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। देश में एक्टिव केस यानी कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इसमें 61,329 की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई और एक्टिव केस का आंकड़ा 11 लाख 2 हजार 370 तक पहुंच गया।

कोरोना अपडेट्स

महाराष्ट्र में पुणे में कलेक्टर ने रेमडेसिविर इंजेक्शन की सप्लाई का मैनेजमेंट करने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाने का आदेश दिया है। इंजेक्शन की जरूरत वाले लोग 020-26123371 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर कॉल कर सकते हैं। यह कंट्रोल रूम 31 मई तक एक्टिव रहेगा।
कोरोना के मामलों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए गुजरात सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट कॉलेज में ऑफलाइन क्लास पर 30 अप्रैल तक रोक लगा दी है।
रिकवरी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दो दिन के अंदर ये 91.76% से घटकर 90.4% रह गया। पिछले तीन हफ्ते के अंदर इसमें करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम छत्तीसगढ़ में 79.1% और महाराष्ट्र में 82.2% मरीज रिकवर हुए हैं।
प्रयागराज के पूर्व सांसद श्यामा चरण गुप्ता का शनिवार की सुबह निधन हो गया। उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी दी गई। कुछ दिन पहले ही परिवार समेत वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद से उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में हो रहा था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें नागपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले सोमवार को भागवत हरिद्वार गए थे, जहां वे कुंभ मेले में शामिल हुए थे। उन्होंने गंगा में डुबकी भी लगाई थी।
ईस्ट कोस्ट रेलवे का कहना है कि 10 अप्रैल से देश में कहीं से भी ओडिशा आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट (72 घंटे से पुरानी न हो) या वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने का प्रमाण पत्र होना जरूरी होगा। बिना वैध दस्तावेजों के 7 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।
आइये जानते हैं प्रमुख राज्यों के हाल…
1. महाराष्ट्र
यहां रविवार को 63,294 नए मरीज मिले। 34,008 मरीज ठीक हुए और 349 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 34.07 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.82 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,987 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.65 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

2. छत्तीसगढ़
राज्य में रविवार को 10,521 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 82 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 4.43 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.48 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,899 मरीजों की मौत हुई है। 90,277 मरीजों का इलाज चल रहा है। संक्रमण की तुलना में यहां एक्टिव रेट देश में सबसे ज्यादा है। अभी 18.4% एक्टिव मरीजों का यहां इलाज चल रहा है।

3. उत्तर प्रदेश
रविवार को यहां 15,353 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 2769 लोग रिकवर हुए और 67 की मौत हो गई। अब तक यहां 6.92 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6.11 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,152 मरीजों की मौत हो गई। 71,241 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. दिल्ली
राज्य में रविवार को 10,774 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 5,158 लोग रिकवर हुए और 48 की मौत हो गई। अब तक यहां 7.25 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 6.79 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 11,283 मरीजों की जान चली गई। 34,341 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में रविवार को 5,469 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 2,976 लोग रिकवर हुए और 54 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.47 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.15 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 4800 मरीजों की मौत हो गई। 27,568 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में रविवार को 5,939 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 3,306 लोग रिकवर हुए और 24 की मौत हो गई। अब तक यहां 3.38 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2.98 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। 4,184 मरीजों की जान चली गई। 35,316 मरीजों का इलाज चल रहा है।

सरकार की अपील है कि देशवासी लापरवाही न बरतें क्योंकि कोरोना की दूसरी लहर बेहद खतरनाक साबित हो रही है। खुद का और अपनों का ख्याल रखें, कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें, शारीरिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करते हैं, भीड़ में जाने से बचें।

 

1 कमेंट

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें