नारायण सेवा संस्थान के 36वें सामूहिक विवाह समारोह में 21 दिव्यांग जोड़े बंधे विवाह सूत्र में

 लोगों से किया कोविड का टीका लगवाने का आग्रह

लखनऊ (लाइवभारत24)। धर्मार्थ और गैर-लाभकारी संगठन नारायण सेवा संस्थान ने दिव्यांगों और वंचितों की मदद करने के प्रयास में उदयपुर में 36वें सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया, जहां 21 दिव्यांग जोड़े विवाह सूत्र में बंधे। इन सभी जोड़ों ने संस्थान के 19 साल पुराने अभियान ‘दहेज को कहें ना!’ के जरिये संदेश फैलाने का प्रयास भी किया। दिव्यांग जोड़ों को परिवार के सदस्यों और दानदाताओं की ओर से घरेलू उपकरण और अन्य वस्तुएं भी प्रदान की गईं। वर्तमान महामारी के कारण संस्थान की ओर से प्रत्येक प्रवेश और निकास द्वार पर मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन किया गया और इस तरह कोविड -19 की आशंका को रोकने के लिए संस्थान त्रिस्तरीय सुरक्षा का पालन सुनिश्चित की गई। 36वें सामूहिक विवाह समारोह में, नारायण सेवा संस्थान के 21 नवविवाहित जोड़ों ने लोगों से कोविड का टीका लगवाने का आग्रह किया। उदयपुर के 26 वर्षीय दिव्यांग रोशन लाल ने 32 वर्षीय कमला कुमारी को अपना जीवन साथी बनाया है। रोशन लाल राजस्थान में आरईईटी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इस परीक्षा की तैयारी से संबंधित कक्षाओं का निशुल्क संचालन एवं कौशल प्रशिक्षण कक्षाओं का आयोजन नारायण सेवा संस्थान द्वारा किया जाता है। उदयपुर के रहने वाले रोशन लाल कहते हैं, ‘‘जीवन से अनेक मुकाम ऐसे आते हैं, जब हम कुछ सबक सीखते हैं। ऐसे में आपको लगता है कि अगर थोड़ा-बहुत सपोर्ट मिल जाए, तो आगे बढ़ा जा सकता है। हमें लगता है कि नारायण सेवा संस्थान जैसे संगठनों ने समर्थन देकर हम जैसे लोगों के जीवन में बहुत बड़ा बदलाव किया है। नारायण सेवा संस्थान आगे आकर हमें जीवन की दिशा प्रदान करने वाला एक स्तंभ रहा है, जिसके कारण हम अब एक नए जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। मुझे यकीन है कि मैं इस जीवन में किसी दिन एक अच्छा शिक्षक भी बन पाऊंगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!