इंग्लिश टीम की भारतीय जमीन पर सबसे बड़ी जीत

चेन्नई (लाइवभारत24)। चेन्नई टेस्ट में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 227 रन से हरा दिया है। इसी के साथ इंग्लिश टीम ने 4 टेस्ट की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। उसकी भारतीय जमीन पर रन के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत को उसी के घर में 212 रन से 2006 मुंबई में हराया था।

साथ ही टीम इंडिया की चेन्नई के चेपक स्टेडियम में 22 साल बाद टेस्ट में पहली हार है। भारत को यहां पिछली बार जनवरी 1999 में पाकिस्तान के हाथों 12 रन से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद टीम इंडिया यहां आठ टेस्ट मैच खेल चुकी है। इनमें पांच में भारत को जीत मिली और तीन ड्रॉ रहे हैं।
टीम इंडिया की अपने घर में 4 साल बाद पहली हार है। इससे पहले उसे फरवरी 2017 में ऑस्ट्रेलिया ने शिकस्त दी थी। तब पुणे टेस्ट में भारतीय टीम 333 रन के अंतर से हारी थी। दोनों हार के बीच टीम इंडिया ने 14 टेस्ट खेले, जिसमें से 11 जीते और 3 ड्रॉ रहे।
इंग्लैंड ने पहली पारी में 578 और दूसरी पारी में 178 रन बनाए थे। जबकि, टीम इंडिया ने पहली पारी में 337 रन बनाए थे। इस लिहाज से उसे जीत के लिए 420 रन का टारगेट मिला था, जिसे टीम इंडिया हासिल नहीं कर सकी और दूसरी पारी में 192 रन पर सिमट गई।
इंग्लैंड की रन के लिहाज से चेन्नई में भी अपनी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 1934 में टीम इंडिया को 202 रन से हराया था। इंग्लिश टीम चेन्नई में खेले गए 1977 के टेस्ट में भारत को 200 रन से भी हरा चुका है। ओवरऑल भारत अपने घर में रन के लिहाज से 342 रन से हार चुका है। उसे 2004 के नागपुर टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।
मेहमान इंग्लिश टीम 36 साल बाद चेन्नई में कोई टेस्ट जीत सकी है। इससे पहले जनवरी 1985 में भारतीय टीम ने 9 विकेट से हराया था। इसके बाद भारत ने लगातार 3 टेस्ट जीते। चौथे मुकाबले में उसकी हार हुई है। चेपक में भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 10 टेस्ट खेले गए। इसमें भारतीय टीम ने 6 मैच जीते, जबकि 2 टेस्ट हारे हैं। एक मुकाबला ड्रॉ रहा।

  • इंग्लिश कप्तान जो रूट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पहली पारी में 218 रन की पारी खेली। यह उनके करियर का 5वां दोहरा शतक रहा।
  • रूट ने सिक्स लगाकर अपनी 5वीं डबल सेंचुरी पूरी की। वे सिक्स लगाकर 200 रन पूरे करने वाले इंग्लैंड के पहले क्रिकेटर बने।
  • वे भारतीय जमीन पर पिछले 10 साल में दोहरा शतक जमाने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज बन गए।
  • इससे पहले नवंबर, 2010 में न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम ने हैदराबाद टेस्ट में 225 रनों की पारी खेली थी।
  • रूट भारत में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले इंग्लिश कैप्टन बने। पिछला रिकॉर्ड एलेस्टेयर कुक के नाम था। कुक ने 2012 में कोलकाता टेस्ट में 190 रन की पारी खेली थी।
  • ओवरऑल इंग्लैंड के कप्तान के तौर पर भारत के खिलाफ सबसे बड़ी पारी ग्राहम गूच ने 1990 में लॉर्ड्स में खेली थी। तब गूच ने 333 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर रूट की पारी आ गई है।
  • रूट 100वें टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। रूट का यह (218 रन) भारत के खिलाफ हाईएस्ट स्कोर भी है। इससे पहले भारत के खिलाफ उनका बेस्ट स्कोर 154 रन नॉटआउट था।

दूसरी पारी में टीम इंडिया की खराब शुरुआत
420 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 25 रन पर पहला विकेट गंवा दिया था। ओपनर रोहित शर्मा 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम ने 117 रन तक 6 विकेट गंवा दिए। चेतेश्वर पुजारा (15 रन), शुभमन गिल (50 रन) और ऋषभ पंत (11 रन) बनाकर पवेलियन लौट गए। जबकि अजिंक्य रहाणे और वॉशिंगटन सुंदर खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान विराट कोहली (72) ने रविचंद्रन अश्विन के साथ 7वें विकेट के लिए 105 बॉल पर 54 रन की पार्टनरशिप कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, अश्विन और फिर कोहली दोनों ही पवेलियन लौट गए। स्पिनर जैक लीच ने भारतीय टीम के 4 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन (9) को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराया। अश्विन ने कोहली के साथ 7वें विकेट के लिए 54 रन की पार्टनरशिप की। लीच ने रोहित शर्मा (12 रन) और चेतेश्वर पुजारा (15 रन) को भी पवेलियन भेजा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें