कोरोना के बीच 53 दिन चलेगा टूर्नामेंट आईपीएल

सभी 8 टीमों के बीच तीन स्टेडियम में 60 मैच होंगे

दुबई(लाइवभारत24)।  आईपीएल  सीजन-13 का शेड्यूल रविवार को जारी किया जाएगा। यह जानकारी आईपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल ने दी। कोरोना की वजह से इस बार टूर्नामेंट यूएई में होगा। 19 सितंबर से 10 नवंबर तक कुल 60 मैच खेले जाएंगे।आईपीएल बायो-सिक्योर माहौल में होगा। 53 दिन में सभी 8 टीमें 14-14 मैच खेलेंगी। एक एलिमिनेटर, दो क्वालिफायर और फाइनल समेत आईपीएल में कुल 60 मैच होंगे। माना जा रहा है कि पहला मैच पिछली बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस और रनर-अप चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के बीच 19 सितम्बर को खेला जा सकता है। हालांकि, सीएसके के दो खिलाड़ी दीपक चाहर और रितुराज गायकवाड़ के अलावा 11 स्टाफ मेंबर्स संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, यूएई में मौजूद बीसीसीआई के सीनियर मेडिकल ऑफिसर भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
बुधवार को बीसीसीआई के ट्रैजरर अरुण धूमल ने कहा था- मैच शेड्यूल के मुताबिक ही होंगे। ये सभी मैच यूएई के तीन शहरों दुबई, अबूधाबी और शारजाह में खेले जाएंगे। पहली बार लीग का फाइनल वीकेंड की जगह वीक-डे (मंगलवार) पर होगा। शाम के मैच पुराने शेड्यूल से आधा घंटा पहले यानी 7.30 बजे से शुरू होंगे। दोपहर के मैच 3.30 बजे से खेले जाएंगे। बोर्ड ने आईपीएल में कोरोना संक्रमण पर नजर रखने के लिए खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स को कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए ब्लूटूथ बैज दिए हैं। खिलाड़ियों के साथ यूएई आए फैमिली मेंबर्स को भी यह बैज पहनना जरूरी है। एक हेल्थ ऐप भी तैयार किया गया है, जिसमें सभी को रोज बॉडी टेम्प्रेचर की जानकारी देनी है।
इस बार आईपीएल में खिलाड़ियों समेत स्टाफ मेंबर्स का हर 5वें दिन कोरोना टेस्ट होगा। टूर्नामेंट के दौरान करीब 20 हजार टेस्ट किए जाएंगे। इसके लिए बीसीसीआई ने 10 करोड़ का बजट मंजूर किया है। यदि कोई पॉजिटिव आता है, तो उसे 7 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा। इस दौरान तीन टेस्ट होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!