आईटीबीपी ने हिमाचल की तीसरी सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। हिमाचल की तीसरी सबसे ऊंची पारगिल चोटी जो कि 22 हजार 222 फीट ऊंची है उस पर आईटीबीपी के जवानों ने तिरंगा फहराकर रिकॉर्ड बनाया है। 16 जवानों के दल में से 12 को यह कामयाबी मिली। यह अभियान कोरोना महामारी के कारण और भी कठिन हो गया था। इसे कोविड की गाइडलाइन का पालन करते हुए पूरा किया गया। रिकॉर्ड बनाने वाला यह दल 20 अगस्त को आईटीबीपी के शिमला हेडक्वार्टर से रवाना हुआ था। सबसे पहले 31 अगस्त को डिप्टी कमांडेंट कुलदीप सिंह की अगुआई में कांस्टेबल प्रदीप नेगी, काको केदारता, अनिल नेगी और आशीष नेगी चोटी पर पहुंचे। इसी टीम के सात सदस्य मंगलवार दोपहर 11:30 बजे धर्मेंद्र ठाकुर की अगुआई में चोटी पर पहुंचे।
आईटीबीपी ने कहा, ‘‘लियो पारगिल भारत की सबसे कठिन और तकनीकी चढ़ाई वाली चोटियों में से एक है। यह लाहौल-स्पीती के बाहरी इलाके में है। यहां ऑक्सीजन की कमी, जबर्दस्त ठंड और ऊंचाई पर होने वाली सेहत से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस टीम में शामिल हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप नेगी लियो पारगिल पर दूसरी बार पहुंचे। वे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट भी दो बार फतह कर चुके हैं। वे हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के छिटकुल गांव के रहने वाले हैं। यह गांव चीन की सीमा से सटा है।
बहुत अधिक ऊंचाई और कड़ाके की ठंड वाले इलाके में तैनात होने की वजह से आईटीबीपी सबसे फिट फौज मानी जाती है। यह अब तक पहाड़ी चोटियों पर चढ़ने के 213 अभियान पूरे कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!