लॉकडाउन के डर से मुंबई से लौट रहे प्रवासी,रेलवे स्टेशनों पर प्रवासियों की भीड़

मुंबई (लाइवभारत24)। मुंबई में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लोगों को फिर से लंबा लॉकडाउन लगने का डर सताने लगा है। इसलिए मुंबई में रहने वाले प्रवासी मजदूरों ने अपने राज्य और शहरों की तरफ लौटना शुरू कर दिया है। मुंबई के सभी रेलवे स्टेशनों पर प्रवासियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ट्रेन के टिकट के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। भिवंडी और ठाणे में हालात ज्यादा खराब हैं। इसके अलावा कंपनियों ने भी लॉकडाउन के डर से कर्मचारियों को निकालना शुरू कर दिया है।
मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्टेशन पर रविवार के बाद से हर दिन प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ नजर आ रही है। नौकरी करने वालो का कहना कि’पिछली बार अचानक लॉकडाउन लगाकर सरकार ने हमें परेशानी में डाल दिया, लोगों को पुलिस के डंडे खाने पड़े। ऐसे स्थिति फिर से न आए, इसलिए हम वापस अपने गांव जा रहे हैं।’
UP के बांदा के रहने वाले राजेश परिहार मुंबई में कई साल से सिक्योरिटी गार्ड का काम कर रहे थे। लॉकडाउन लगने की आशंका के बाद कंपनी ने एक सप्ताह पहले उन्हें नौकरी से निकाल दिया। उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वे वापस घर जा सकें। किसी तरह घर से पैसे मंगवाए और अब वे वापस लौट रहे हैं। राजेश ने बताया, ‘स्थिति नॉर्मल होने के बाद मैं यहां लौटा था। नौकरी जाने के बाद मेरे पास इतने पैसे नहीं थे कि मैं खाना भी खा सकूं, किसी तरह से पैसे मंगवाकर अब घर लौट रहा हूं।’
मजदूरों के पलायन करने से पावरलूम इंडस्ट्री सहित उससे जुड़े साइजिंग, डाइंग कंपनियों के अलावा मोती कारखाना एवं गोदामों के कामकाज, कंस्ट्रक्शन के काम पर बड़ा असर पड़ने वाला है। राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, लॉकडाउन के बीच साल 2020 में मुंबई समेत पूरे राज्य से 11.86 लाख प्रवासी मजदूरों का पलायन हुआ था। हालांकि आंकड़ों में यह संख्या करीब 25 लाख के आसपास थी।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सेंट्रल और मध्य रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। मुंबई से गोरखपुर, पटना और दरभंगा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय मध्य रेल ने लिया है। 01053 विशेष LTT 13 और 20 अप्रैल को 4.40 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 2 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। 01054 विशेष गोरखपुर से 15 और 22 अप्रैल को 4.05 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 11.45 बजे LTT पहुंचेगी। 21401 सुपरफास्ट विशेष ट्रेन पुणे से 9, 11, 16 और 18 अप्रैल को शाम 4.15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 11.45 पर दानापुर पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!