मानसून सत्र: सीमा पर जवान मुस्तैद, पूरी संसद और देश उनके साथ है: पीएम मोदी

सत्र से पहले 5 सांसदों को कोरोना

नई दिल्ली (लाइवभारत24)। 17वीं लोकसभा का चौथा सत्र कोरोना महामारी के बीच शुरू हो गया है। सुबह 9 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई। सदन ने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। उधर, राज्यसभा में कामकाज दोपहर तीन बजे शुरू होगा। पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति पद का चुनाव होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब तक कोरोना की दवाई नहीं बन जाती, तब तक कोई ढिलाई न बरतें। हमारे सैनिक सीमा पर मुस्तैद हैं। संसद से एक भाव, एक सुर से ये आवाज उठनी चाहिए कि देश और पूरा सदन उनके साथ है।
उन्होंने कहा, ‘ऐसे मुश्किल दौर में संसद का सत्र शुरू हो रहा है। एक तरफ कोरोना है और दूसरी तरफ कर्तव्य। सांसदों ने कर्तव्य का पथ चुना है। मैं उन्हें धन्यवाद और बधाई देता हूं। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण फैसले होंगे। कई विषयों पर चर्चा होगी। सभी का अनुभव है कि सदन में जितनी गहरी चर्चा होती है। उससे देश को, संसद को फायदा होता है। हम सब इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।’मोदी ने कहा कि आज जब हमारी सेना के वीर जवान सीमा पर डटे हुए हैं। हिम्मत के साथ, जज्बे के साथ, बुलंद हौसलों के साथ, दुर्गम पहाड़ियों में डटे हुए हैं। कुछ समय के बाद बर्फबारी भी शुरू होगी। ऐसे वक्त में संसद से एक भाव, एक सुर से ये आवाज आनी चाहिए कि देश और पूरा सदन उनके साथ खड़ा है। कोरोना के दौर में जब तक दवाई नहीं, तब तक कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। हम चाहते हैं कि दुनिया के किसी कोने में वैक्सीन बने और हम सभी को मिले।
लोकसभा की कार्यवाही सुबह 9 बजे शुरू हुई। डीएमके और सीपीआई (एम) ने नीट एग्जाम की वजह से 12 छात्रों की आत्महत्या के मामले में लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा में चीन सीमा विवाद पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। सीपीएम दिल्ली दंगों के मामले में पार्टी के नेता सीताराम येचुरी का नाम आने को मुद्दा बना रही है। सीपीएम सांसद एएम आरिफ ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
पहली बार एक सदन की बैठक में दोनों सदनों के चैम्बर और गैलरी का इस्तेमाल किया गया। यानी लोकसभा की कार्यवाही आज सुबह शुरू हुई तब कुछ सदस्य लोकसभा में तो कुछ राज्यसभा में बैठे। सत्र के पहले दिन राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए चुनाव होगा। विपक्ष की ओर से राजद नेता मनोज झा और एनडीए से जदयू नेता हरिवंश के बीच कांटे की टक्कर है।
इस बार सत्र के दौरान 7 दिन लगातार कार्यवाही चलेगी। कोई छुट्टी नहीं होगी। शनिवार और रविवार को भी काम होगा। आमतौर पर दोनों सदनों में एक साथ काम होता है, लेकिन इस बार दो शिफ्ट में होगा।
लोकसभा आज सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर से एक अक्टूबर तक लोकसभा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। वहीं, राज्यसभा सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी।
मानसून सत्र में 47 विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें 11 विधेयक ऐसे होंगे जो अध्यादेश की जगह लेंगे।
सत्र से पहले सभी सांसदों की कोरोना जांच की गई, जिनमें 5 सांसदों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तृणमूल कांग्रेस के 7 सांसद भी सत्र में हिस्सा नहीं ले रहें। इनमें राज्यसभा के मुख्य सचेतक सुखेंदु शेखर राय भी शामिल हैं। भाजपा के 2 सांसद भी नहीं आएंगे।
बड़े डिस्प्ले स्क्रीन सदन के चैम्बर में लगाए गए हैं। छह छोटी स्क्रीन 4 गैलरियों में लगाई गई हैं। ऑडियो कंसोल, अल्ट्रावायलेट जर्मीसिडल रेडिएशन, ऑडियो-वीडियो सिग्नल्स के लिए दोनों सदनों को जोड़ने वाले स्पेशल केबल्स, अधिकारियों की गैलरी को अलग करने के लिए पॉलीकार्बोनेट शीट का इस्तेमाल किया गया है।
संक्रमण फैलने से रोकने के लिए 6 बार रोज एसी बदले जाएंगे। सांसदों को कोरोना से बचाव के लिए डीआरडीओ की किट मिलेगी। हर किट में 40 डिस्पोजल मास्क, एन95 मास्क, सैनिटाइजर की 20 बोतलें, 40 ग्लब्ज और दरवाजा बंद करने के लिए टच फ्री हुक्स होंगे जिससे से कोरोना को लेकर कोई डर न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!