1.54 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई गई

नई दिल्ली(लाइवभारत24)। भारत में वैक्सीनेशन के साथ कोरोना मरीजों के बढ़ने की रफ्तार भी तेज हो रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर 18 राज्यों में ठीक होने वालों से ज्यादा नए मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। इनमें भी सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित पाए गए। यहां 18 अक्टूबर के बाद ये पहली बार था जब एक दिन में 9,000 से ज्यादा मरीजों की पहचान हुई हो। बुधवार को महाराष्ट्र में 9,855 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 6,559 लोग रिकवर हुए और 42 की मौत हो गई।
बुधवार को देश में 17,425 कोरोना मरीज मिले। 14,071 लोग ठीक हुए और 87 की मौत हो गई। अब तक 1.11 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1.08 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.57 लाख मरीजों की मौत हो गई। 1.70 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इस तरह से बुधवार को एक्टिव मरीजों की संख्या में 3260 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 1 करोड़ 54 लाख 61,000 से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 67.75 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स को पहला डोज लगाया गया है, जबकि 28.25 लाख लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। इसी तरह 57.62 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहला डोज लगाया गया है, जबकि 3,277 लोगों को दोनों डोज लग चुके हैं। गंभीर बीमारी वाले 45 से 60 साल के 1.04 लाख और 60 साल से अधिक उम्र के 8.44 लाख लोगों को वैक्सीन अब तक लगाई जा चुकी है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को दिल्ली के RR हॉस्पिटल में कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लिया। उनके साथ उनकी बेटी भी मौजूद थीं। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी गई। राष्ट्रपति ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों, डॉक्टर्स और नर्स को धन्यवाद भी कहा।
वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी है। नागपुर से कुछ ऐसी ही तस्वीरें सामने आई। यहां 45 साल से अधिक उम्र के बड़ी संख्या में लोग वैक्सीनेशन सेंटर पर लाइन में खड़े दिखे। इनमें कुछ लोगों ने पहले से रजिस्ट्रेशन करा रखा था, तो बहुत सारे लोग मौके पर ही रजिस्ट्रेशन कराने पहुंचे थे।
देश में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार लगातार तेज होते जा रही है। 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां, पॉजिटिविटी रेट यानी मरीजों के मिलने की रफ्तार 5% से ज्यादा है। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 13.2% पॉजिटिविटी रेट है। इसके अलावा गोवा में 11.1%, नगालैंड में 9.3% और केरल में 9.2% की रफ्तार से संक्रमितों की पहचान हो रही है।
डेथ रेट में पंजाब सबसे आगे है। यहां हर 100 कोरोना मरीजों में लगभग तीन लोग जान गंवा रहे हैं। डेथ रेट यहां देश में सबसे ज्यादा 3.2% है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र में 2.4% की रफ्तार से लोग जान गंवा रहे हैं। सिक्किम में 2.2% और पश्चिम बंगाल में 1.8% डेथ रेट रिकॉर्ड की गई है।
कोरोना मरीजों में तेजी के बीच एक राहत की खबर है। देश में 5 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे भी हैं, जहां 99% से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। इनमें बिहार, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश है। सबसे ज्यादा 99.7% मरीज अरुणाचल प्रदेश में ठीक हो चुके हैं।
हरियाणा के करनाल में एक स्कूल के हॉस्टल में 54 स्टूडेंट कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। करनाल के सिविल सर्जन योगेश कुमार शर्मा ने मंगलवार को बताया कि हमारी टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। हॉस्टल को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी कमेंट दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें